एक साथ उठी चार अर्थियां तो कांप उठा कलेजा, हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में पूरा परिवार उजड़ गया
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी और ...और पढ़ें

प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर एक ही परिवार के चार लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान गमगीन लोग। जागरण
HighLights
आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी व दो मासूम बच्चों की हुई थी मौत
गुरुवार सुबह उनके शव प्रयागराज के नीम सराय, मुंडेरा लाया गया तो परिवार में कोहराम मचा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। खुशहाल और संपन्न था परिवार। त्योहार मनाने की खुशियों संग अपनों से मिलन होना था। घर पर बुजुर्ग मां-बाप बेसब्री से इंतजार कर रहे थे तो बेटा-बहू को घर पहुंचकर आशीर्वाद लेने की जल्दी थी, लेकिन ईश्वर को शायद कुछ और ही मंजूर था। गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दो मासूम बच्चे काल के गाल में समा गए।
चारों के शवों का रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार
गुरुवार सुबह परिवार के चारों सदस्यों के शव प्रयागराज के नीम सराय, मुंडेरा लाया गया तो परिवार में कोहराम और मोहल्ले में मातम पसर गया। इसके बाद जब एक साथ चार अर्थी उठी तो लोगों का कलेजा मुंह में आ गया। आंखों से गिरते आंसुओं के बीच परिवार, रिश्तेदार और परिचित रसूलाबाद घाट पर पहुंचकर अंत्येष्टि की।
परिवार के इन सदस्यों की हुई थी मौत
प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा निवासी 40 वर्षीय सौरभ उपाध्याय गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की एक निजी आईटी कंपनी में वाइस चेयरमैन थे। बुधवार 11 नवंबर को वह 38 वर्षीय पत्नी मेनका उपाध्याय, सात वर्षीय बेटे व्योम और डेढ़ वर्षीय शिवोम के साथ एक्सयूवी-300 कार से घर जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेस-वे के पिलर संख्या 317 के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ, मेनका और व्योम की मौके पर ही मौत हो गई। छोटा बेटा शिवोम गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी भी सांसें थम गईं।
मंजर देख रो पड़ीं आंखें
पिता सौरभ उपाध्याय, फिर मां मेनका और उन्हीं के पास सात वर्षीय व्योम व डेढ़ वर्षीय शिवोम। चारों सफेद कपड़ों में लिपटे थे। कल तक जिन नन्हे हाथों ने मां का आंचल थामा होगा, पिता की अंगुली पकड़कर कदम बढ़ाए होंगे, वे आज हमेशा के लिए शांत थे। मां पास थी, लेकिन बच्चों को सीने से लगाने के लिए उसकी बांहें नहीं उठ सकती थीं। पिता भी पास थे, लेकिन बेटों को गोद में उठाने के लिए अब कभी नहीं उठेंगे। दोनों मासूम ऐसे लेटे थे, मानो गहरी नींद में सो रहे हों। फर्क बस इतना था कि इस नींद से उन्हें कोई जगा नहीं सकता था। जिसने भी यह मंजर देखा, आंखों से आंसू छलक पड़े। शाम को चारों शव साथ रखे गए तो लगा जैसे पूरा परिवार आखिरी बार एक साथ लेटा हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।