प्रयागराज में गंगा पर सिक्स लेन पुल निर्माण तिथि 10 माह टली, पुल से लखनऊ-रायबरेली व अयोध्या की राह होगी आसान, जाम से भी मुक्ति
प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहे सिक्स लेन पुल का निर्माण कार्य अभी 10 महीने से अधिक समय तक चलने की संभावना है। निर्माण में देरी के कारण समय सीमा तीन बार बढ़ाई जा चुकी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अब जून 2026 तक निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया है। पुल बन जाने से तेलियरगंज और फाफामऊ में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में गंगा नदी पर बन रहा बहुप्रतीक्षित सिक्स लेन पुल का निर्माण पूरा होने में अभी 10 माह से अधिक का समय लगने की संभावना है। निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण तीन बार समय सीमा बढ़ाई जा चुकी है। पुल बनाने वाली कंपनी पर करोड़ों रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से अब जून 2026 तक पूल का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया है। गंगा पर बन रहे सिक्स लेन पुल का 80 प्रतिशत निर्माण पूरा किया जा चुका है। गंगा की बीच धारा में बने पिलर पर सेगमेंट रखने का कार्य किया जा रहा है।
शहर के स्टेनली रोड से मलाक हरहर तक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से सिक्स लेन पुल का निर्माण गंगा पर कराया जा रहा है। पुल का निर्माण फरवरी 2021 में शुरू हुआ था और महाकुंभ 2025 से पहले फरवरी 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य था। हालांकि निर्माण में बाधा के चलते एसपी सिंगल कंपनी ने मोहलत मांगी और समय सीमा फरवरी 2025 तक बढ़ाई गई। अब एक बार फिर समय सीमा जुलाई 2026 कर दी गई है।
1948 करोड़ रुपये की लागत से 9.90 किलोमीटर लंबे इस पुल का निर्माण किया जा रहा है। सिक्स लेन पुल का निर्माण पूरा हो जाने से तेलियरगंज और फाफामऊ में लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा इसके अलावा लखनऊ,रायबरेली, अयोध्या की राह भी आसान हो जाएगा।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रोजेक्ट निदेशक नुसरतुल्लाह खान ने बताया कि पुल के लिए 67 पिलर लगाया गया है। 288 सेगमेंट लगाए जाने हैं। अब तक 210 सेगमेंट लगाया जा चुका है। यह आधुनिक केबल-आधारित पुल बनेगा। केबल लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। बताया कि कोरोना और महाकुंभ के कारण निर्माण में देरी हुई, पुल का काम तेजी से कराया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।