15 हजार रुपये के लिए दोस्त की हत्या, हाथ की एक अंगुली काटी; प्रयागराज में खौफनाक वारदात को दिया अंजाम
प्रयागराज में 15 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक दोस्त ने अपने किशोर साथी की निर्मम हत्या कर दी। ...और पढ़ें

प्रयागराज के झूंसी निवासी शांतनु की फाइल फोटो।
HighLights
पैसा वापस करने के लिए किशोर को बुलाया था फोन करके
मुख्य आरोपित समेत तीन गिरफ्तार, चापड़ भी किया बरामद
झूंसी में वारदात से दहशत, परिवार में छाया गम और गुस्सा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गहरी दोस्ती, एक साथ उठना-बैठना और खाना-पीना। जरूरत पड़ने पर एक दोस्त दूसरे के काम आया। उसने 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद की लेकिन जब पैसा वापस करने की बारी आई तो विवाद शुरू हो गया। बकाया पैसा न देना पड़े, इसलिए किशोर दोस्त की हत्या कर दी।
जिन हाथों को मिलाकर वह दोस्ती पर गुरूर करते थे, उसी हाथ से साथी की एक अंगुली भी काट डाली। दोस्ताना पर दाग लगाने और दहशत फैलाने वाली यह घटना सोमवार रात झूंसी इलाके में हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपित उज्जवल समेत तीन को गिरफ्तार किया तो उन्होंने हत्या की बात स्वीकार की।
झूंसी थाना क्षेत्र के कोहना निवासी तीर्थ पुरोहित दीपक दुबे को 17 वर्षीय बेटा शांतनु एमएस कांवेंट स्कूल में 11वीं का छात्र था। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह मोबाइल पर रील देख रहा था। तभी किसी की काल आई। तब वह स्कूटी लेकर घर से निकल गया और वापस नहीं आया। इससे परेशान परिजन कई घंटे तक खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह फिर खोजते हुए गंगा किनारे सोहम आश्रम के पास पहुंचे तो स्कूटी खड़ी थी। उसके पास ही नाले में शांतनु का शव पड़ा था, जिसे देख वह हतप्रभ रह गए। घास के ऊपर एक हाथ की कटी अंगुली पड़ी थी। इससे स्थानीय लोगों में दहशत छा गई। मौके पर भीड़ भी जुट गई।
डीसीपी सिटी, एसीपी अरुण पराशर, थाना प्रभारी भी फोर्स, फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पूछताछ में पिता दीपक ने शांतनु के कुछ दोस्तों पर पैसे को लेकर विवाद करने और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उज्जवल सेन गुप्ता, दिव्यांश निषाद, छोटू पासी और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
शाम को मुख्य आरोपित उज्जवल सेन और दो अन्य को दबोच लिया। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया। पुलिस का दावा है कि उज्जवल ने पैसा देने के बहाने शांतनु को फोन करके बुलाया था। इसके बाद साथियों संग उसकी नृशंस हत्या कर दी।
पैसा देने के बहाने किशोर को घर से बुलाकर हत्या की गई। डंडे से पिटाई करते हुए चापड़ से हमला किया गया था। मुख्य आरोपित ने हत्या की बात स्वीकार कर लिया है।
- सागर जैन, डीसीपी सिटी।
यह भी पढ़ें- Prayagraj : आरपीएफ रामबाग पोस्ट के लॉकअप से सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर शातिर चोर फरार, सुरक्षा पर उठे सवाल
यह भी पढ़ें- प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर चलती कार आग का गोला बनी, कुछ ही देर में धू-धूकर जली; चालक सकुशल
