प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर चलती कार आग का गोला बनी, कुछ ही देर में धू-धूकर जली; चालक सकुशल
प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर नैनी केंद्रीय कारागार के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार धू-धूकर जल गई। चालक सकुशल बाहर निकल गए।

प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर नैनी में आग से जली कार। जागरण
HighLights
केंद्रीय कारागार नैनी के समीप घटना
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाई
संवाद सहयोगी, जागरण, नैनी (प्रयागराज)। केंद्रीय कारागार नैनी के समीप प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में कार धू-धूकर जल गई। चालक ने किसी प्रकार अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।
कौशांबी जिले के भरवारी निवासी रियांशु केसरवानी पुत्र घनश्याम किसी काम से करछना की ओर जा रहे थे। प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर केंद्रीय कारागार नैनी के समीप कार से अचानक धुआं निकलने लगा। रियांशु ने तत्काल कार खड़ी करके बाहर निकल गए।
देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। उससे आग की लपटें उठने लगी। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सूचना पाकर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाई। घटना से यातायात कुछ देर के लिए रुक गया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। चौकी प्रभारी जेल रोड कमलेश कुमार का कहना है कि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
