विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां की मौत के 26 दिन बाद परिवार पर टूटा तीसरा कहर, बेटी की बरात आने से पहले उठी पिता की अर्थी

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 19 Nov 2026 02:37 PM (IST)

प्रयागराज के हंडिया में एक दर्दनाक हादसे में बेटी की शादी से पहले पिता की ट्रक से कुचलकर मौत हो ...और पढ़ें

प्रयागराज में गंगापार के हंडिया के जराव गांव में सड़क हादसे में मृत रामनरेश की फाइल फोटो व बिलखतीं परिवार की महिलाएं। जागरण

प्रयागराज में गंगापार के हंडिया के जराव गांव में सड़क हादसे में मृत रामनरेश की फाइल फोटो व बिलखतीं परिवार की महिलाएं। जागरण

HighLights

  1. धान लदे ट्रक ने 52 वर्षीय किसान को कुचल दिया, मौके पर ही मौत हो गई

  2. प्रयागराज में गंगापार के हंडिया के जराव गांव में खुशियां मातम में बदली

  3. पहले मां फिर चाचा और अब पिता की गई जान, पांच बच्चे हुए अनाथ

संसू, जागरण, हंडिया (प्रयागराज)। गंगापार में हंडिया थाना क्षेत्र के जराव गांव में गुरुवार रात दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। जिस घर में बेटी की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था, बरात के स्वागत के लिए टेंट लगाया गया था। दहेज व उपहार का सामान सजाकर रखा गया था, उसी घर में अचानक चीख-पुकार मच गई। धान लदे ट्रक ने 52 वर्षीय किसान रामनरेश यादव को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की डोली उठने से पहले पिता की अर्थी उठने की नौबत आ गई। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम छा गया।

परिवार और गांव में शोक का माहौल

जराव गांव निवासी रामनरेश यादव (52) पुत्र झरीहग गुरुवार रात करीब 11:30 बजे धान लदे ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक से कुचलने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतक की बेटी पूनम यादव की शादी होनी थी। किसे पता था कि जिस पिता को अपनी बेटी का कन्यादान करना था, वह बरात आने से पहले ही दुनिया छोड़ जाएगा। घर में बिखरी शादी की तैयारियां और परिवार के सदस्यों का विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

पहले पत्नी फिर छोटा भाई, अब रामनरेश की मौत

परिवार पर दुखों का पहाड़ पहले से ही टूट चुका था। बीते 23 अक्टूबर को रामनरेश की पत्नी नगीना देवी की हृदयाघात से मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि बुधवार को रामनरेश के छोटे भाई की भी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके अगले ही दिन रामनरेश की दर्दनाक मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया।

तीन बेटियां व दो बेटों के भविष्य की चिंता

रामनरेश यादव पेशे से किसान थे। उनके परिवार में तीन बेटियां रेखा, पूनम और कोमल तथा दो बेटे पवन और अच्छे लाल हैं। पांच बच्चों के सिर से पहले मां और अब पिता का साया उठ जाने से परिवार के सामने दुखों के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।

शव रखकर किया प्रदर्शन, मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार को ग्रामीण और परिजन गांव की समिति स्थित ब्रह्मदेव डिग्री कॉलेज के पास एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन उचित मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। सूचना पर हंडिया तहसीलदार और हंडिया इंस्पेक्टर ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद लोगों ने अपना विरोध समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने दोपहर करीब दो बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल धान लदे ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

यह भी पढ़ें- TGT भर्ती की विसंगतियों को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने उठाई आवाज, कहा- बीपीएड और बीएड को लेकर दोहरा मानदंड क्यों?

यह भी पढ़ें- UP Board Practical Exam 2027 : हाईस्कूल-इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित, जनगणना बनी देरी की वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।