विधानसभा चुनाव 2027: आलीशान मतदेय स्थलों में वोटिंग करेंगे 10 लाख मतदाता; प्रयागराज में तैयारियां तेज
प्रयागराज में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं, जहां 10 लाख से अधिक मतदाता आलीशान मतदेय स्थलों पर वोट ...और पढ़ें

शंकरगढ़ ब्लाक के लोहगरा का पंचायत सचिवालय। सौ. विभाग
HighLights
मतदान केंद्र बनाए जाने वाले पंचायत सचिवालयों को संवार रहा है पंचायती राज विभाग
250 भवनों में हो चुका है काम, अब 150 की मिली स्वीकृति, दिसंबर तक होंगे तैयार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधानसभा चुनाव 2027 की घड़ी करीब आ रही है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक प्रयागराज में चुनावी तैयारियां चल ही रहीं हैं। साथ में पंचायती राज विभाग मतदान केंद्र बनाए जाने वाले पंचायत सचिवालयों को भी संवार रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो 10 लाख से अधिक मतदाता आलीशान मतदेय स्थलों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बदहाल सचिवालयों को चमकाया जा रहा
जिले के 23 विकास खंडों में 1540 ग्राम पंचायतें हैं। हर गांव में पंचायत सचिवालय बना है। चुनाव के दौरान इन्हें मतदान केंद्र बनाया जाता है। 15 से 20 साल पहले बने कई सचिवालय ऐसे हैं, जो बदहाल हो गए थे, जिन्हें अब चमकाया जा रहा है। भवनों की मरम्मत भर नहीं हो रही, बल्कि उन्हें सजाया भी जा रहा है। फर्श का टाइलीकरण, दीवारों में पीवीसी पैनल, आकर्षक लाइटों के साथ पूरे परिसर में इंटरलाकिंग, बिजली की वायरिंग सहित दूसरे कार्य कराए जा रहे हैं।
25 गांवों के पंचायत सचिवालयों में PAS लग रहा
आपदा व दूसरे मामलों को लेकर संवेदनशील करीब 25 गांवों के पंचायत सचिवालयों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगवाए जा रहे हैं। गांव के प्रमुख स्थानों पर लाउड स्पीकर लगेंगे। मुख्य सिस्टम पंचायत सचिवालय में होगा। पंचायत सचिवालय के माइक से पूरे गांव में संदेश पहुंचाया जा सकेगा।
250 पंचायत सचिवालयों का काम पूरा
डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने बताया कि प्रति पंचायत सचिवालय पर 70 हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक खर्च हो रहे हैं। करीब 250 पंचायत सचिवालयों का काम पूरा हो गया है। वहीं 150 पंचायत सचिवालयों में काम चल रहा है। दिसंबर तक इसे भी पूरा कर लिया जाएगा।
गांव की बैठकों व आयोजनों में होगी सहूलियत
फूलपुर के 11, मेजा के नौ, प्रतापपुर के 16, धनूपुर के 17, बहादुरपुर के 14, बहरिया के 15, कोरांव के 12, करछना के सात और उरुवा के छह गांवों के पंचायत सचिवालयों का सुदृढ़ीकरण होना है। इससे आने वाले समय में गांव की बैठकों व दूसरे विभागों की ओर से कराए जाने वाले आयोजनों में सहूलियत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।