वैवाहिक कार्यक्रम में हल्दी रस्म के दौरान हर्ष फायरिंग, गोली लगने से वृद्ध महिला की चली गई जान
प्रयागराज के फाफामऊ में वैवाहिक कार्यक्रम की हल्दी रस्म के दौरान हर्ष फायरिंग में 60 वर्षीय वृद्ध महिला की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को पिस्टल संग गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

प्रयागराज में गंगापार के फाफामऊ के गौरा गांव में हर्ष फायिरंग में वृद्धा की मौत हो गई, आरोपित पकड़ा गया।
HighLights
आरोपित को पुलिस ने पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है
प्रयागराज में गंगापार के फाफामऊ के गौरा गांव में घटना
संवाद सहयोगी, जागरण, फाफामऊ (प्रयागराज)। गंगापार में फाफामऊ के गौरा गांव में बड़ी घटना हुई। सोमवार रात वैवाहिक कार्यक्रम में हल्दी रस्म अदायगी के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। गोली लगने से एक वृद्ध महिला की जान चली गई।
गौरा गांव में नोखेलाल पटेल के बेटे की शादी तय है। वैवाहिक कार्यक्रम में सोमवार रात हल्दी की रस्म की जा रही थी। बताया जाता है कि इसी दौरान पड़ोस गांव का शिव प्रकाश पटेल पुत्र पुत्र विक्रमाजीत निवासी बहोरिकपुर थाना फाफामऊ ने अवैध असलहा से फायरिंग करने लगा। इस दौरान वहां बैठीं नवाबगंज क्षेत्र की रहने वाली 60 वर्षीय ललिता देवी पत्नी स्वर्गीय राम निहोर निवासी मलकिया के सिर में गोली लग गई।
गोली चलने और महिला के घायल होने से वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन फानन में घायल ललिता देवी को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
फाफामऊ प्रभारी निरीक्षक छोटक सिंह यादव ने बताया कि नोखेलाल की तहरीर पर शिव प्रकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिव प्रकाश को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। ललिता देवी इन दिनों अपने मायके नोखेलाल के घर आई थी।