घर के ड्राइंग रूम से पेश हुए SDM, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जताई हैरानी; कहा- DM ने क्यों दी अनुमति?
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने चित्रकूट के एसडीएम न्यायिक के घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश होने पर हैरानी जताई है। कोर्ट ने डीएम द्वारा घर से पेश होने की अनुमति देने पर सवाल उठाए।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय।
HighLights
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए थे चित्रकूट के उप जिलाधिकारी न्यायिक
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कार्रवाई पर विचार के लिए आदेश मुख्य सचिव को भेजा
विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने चित्रकूट के उप जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रसून कश्यप के ड्राइंग रूम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश होने पर आश्चर्य जताया है। न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की एकलपीठ ने कहा, ‘एसडीएम को कार्यालय से पेश होना चाहिए था। इंटरनेट की समस्या होने पर जिलाधिकारी अपने कार्यालय से पेश होने की सुविधा दे सकते थे।’
याचिका का निपटारा करते हुए कोर्ट ने टिप्पणी की
कोर्ट ने यह भी सवाल किया कि जिलाधिकारी ने उन्हें घर से पेश होने की अनुमति क्यों दी? मैनपुरी निवासी सुनील की याचिका का निपटारा करते हुए कोर्ट ने यह टिप्पणी की। एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई पर विचार के लिए आदेश की प्रति मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश भी अदालत ने दिया है।
एसडीएम कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी थी
तहसील घिरोर की ग्राम पंचायत अचलपुर के प्रधान (याची) सुनील का पक्ष तनीशा जहांगीर मुनीर ने रखा। याची के खिलाफ चुनाव में पराजित प्रत्याशी ने एसडीएम कोर्ट में अर्जी दायर की थी, जिसे पांच जुलाई 2024 को खारिज कर दिया गया। रिव्यू अर्जी 25 जुलाई 2024 को दाखिल हुई।
कोर्ट ने किया सवाल
तत्कालीन एसडीएम जो अब चित्रकूट में एसडीएम (न्यायिक) हैं, ने पहली अप्रैल 2025 को पांच पंक्ति के आदेश से रिव्यू स्वीकार कर पांच जुलाई 2024 का आदेश निरस्त कर दिया। कोई कारण नहीं दिया और यह भी नहीं बताया कि पक्षों को सुना गया अथवा नहीं? इसके बाद 30 जुलाई 2025 को फिर रिव्यू अर्जी स्वीकार कर पांच जुलाई 2024 का आदेश निरस्त कर दिया। कोर्ट का सवाल था, ‘पहले ही निरस्त आदेश को दोबारा कैसे निरस्त किया जा सकता है।’ इसका संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
एसडीएम को वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पेश होने का निर्देश था
कोर्ट ने 19 नवंबर 2026 को एसडीएम को व्यक्तिगत रूप से अथवा वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश होने का निर्देश दिया था। एसडीएम घर के ड्राइंग रूम से पेश हुए और बताया कि वहां इंटरनेट बेहतर है तथा उन्हें जिलाधिकारी की अनुमति मिली थी। कोर्ट ने इस जवाब पर असंतोष जताया। एसडीएम पहली अप्रैल 2025 के आदेश में कारण न देने और पहले से निरस्त आदेश को फिर निरस्त करने का कानूनी आधार भी नहीं बता सके।
दोनों पक्ष 26 नवंबर को उपस्थित होंगे
कोर्ट ने 30 जुलाई 2025 और पहली अप्रैल 2025 के दोनों आदेश निरस्त कर संबंधित प्राधिकारी को रिव्यू अर्जी पर चार सप्ताह में नए सिरे से निर्णय लेने का निर्देश दिया है। दोनों पक्ष 26 नवंबर 2026 को जवाब व बहस के लिए उपस्थित होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।