मोबाइल टॉवर के खिलाफ जनहित याचिका वापस, इलाहाबाद HC ने खारिज की; NCR भूजल व वायु प्रदूषण मुद्दे पर सुनवाई जारी
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मोबाइल टॉवरों के खिलाफ दायर जनहित याचिका वापस लेने के कारण निस्तारित कर दी है। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भूजल और वायु प्रदूषण से जुड़े मुद्दों की सुनवाई जारी रहेगी।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।
HighLights
वायु प्रदूषण से जुड़े शेष मुद्दे अभी अदालत के समक्ष लंबित हैं
केंद्र, राज्य सरकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांगा जवाब
विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ‘सोसाइटी ऑफ वायस ऑफ ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस’ की मोबाइल टॉवरों के खिलाफ दाखिल जनहित याचिका वापस लेने के कारण निस्तारित कर दी है। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भूजल प्रदूषण और हवा में तैरते कणों से होने वाले वायु प्रदूषण से जुड़े शेष मुद्दे अभी अदालत के समक्ष लंबित हैं। न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह और न्यायमूर्ति स्वरूपमा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने यह आदेश दिया।
याची ने बदली परिस्थितियों का दिया हवाला
सुनवाई के दौरान स्वयं पैरवी कर रहे याची ने बदली हुई परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि वह मोबाइल टॉवरों की स्थापना और उनके निरंतर संचालन के विरुद्ध कोई राहत नहीं मांगना चाहते। अदालत ने इसके बाद इस राहत के लिए शुरू की गई कार्यवाही समाप्त कर दी ।
अन्य मुद्दों पर अगली तारीख को विचार किया जाएगा
कोर्ट ने सरकारी अधिवक्ता, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिवक्ता को अगली तारीख पर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का समय दिया। कहा कि हलफनामे में बताया जाना है कि एनसीआर (गाजियाबाद सहित) में भूजल प्रदूषण और हवा में तैरते कणों से उत्पन्न वायु प्रदूषण से संबंधित कोई अन्य मामला हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट अथवा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में विचाराधीन है या नहीं। अन्य मुद्दों पर अगली तारीख को विचार किया जाएगा।
मामले में अगली सुनवाई 18 दिसंबर को
मामले में अगली सुनवाई 18 दिसंबर 2026 को होगी। याची का कहना है कि प्रदूषण से करोड़ों लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। हिंडन नदी भी प्रदूषित हो रही है। लोनी तहसील गाजियाबाद के निवासी व सोसायटी के अध्यक्ष राजकुमार कौशिक ने बहस की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।