UPTET के प्रश्न संख्या 36-37 पर उत्तर देने वाले असफल अभ्यर्थियों को मिलेंगे एक-एक अंक, इलाहाबाद HC ने दिया आदेश
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने यूपीटीईटी 2026 के प्रश्न संख्या 36 और 37 पर उत्तर देने वाले असफल अभ्यर्थियों को एक-एक अंक देने का आदेश दिया है।

HighLights
यूपीटीईटी के प्रश्न 36-37 पर मिलेंगे अतिरिक्त अंक।
असफल अभ्यर्थियों को एक-एक अंक देने का आदेश।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक माह में परिणाम मांगा।
विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 के प्रश्न संख्या 36 और 37 पर उत्तर देने वाले असफल अभ्यर्थियों को एक-एक अंक देने का आदेश दिया है, भले ही उन्होंने कोई भी विकल्प चुना हो। जो अभ्यर्थी 26 अगस्त 2026 को घोषित परिणाम में उत्तीर्ण हो गए हैं, इससे उनका रिजल्ट प्रभावित नहीं होगा। आयोग एक माह में पूरक परिणाम घोषित करे।
न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह और न्यायमूर्ति स्वरूपमा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की विशेष अपील को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया है।
आयोग ने विजय सोनकर व अन्य मामले में एकल पीठ के बीते 28 अक्टूबर के आदेश के खिलाफ अपील दाखिल की थी। इसमें प्रश्न 36-37 को मूल्यांकन से बाहर करने और सभी को समान लाभ देने का आदेश था। आयोग का तर्क था कि याचियों ने प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्ति नहीं की, इसलिए अंतिम परिणाम के बाद रिट पोषणीय नहीं है।
आयोग ने स्वयं पाया था कि दोनों प्रश्नों के दो-दो उत्तर सही हैं, इसलिए दोनों सही विकल्प चुनने वालों को पूर्ण अंक दे दिए गए। जिन अभ्यर्थियों ने कोई अन्य विकल्प चुना, उन्हें अंक देने का कोई औचित्य नहीं है। खंडपीठ ने आपत्ति न करने वाली दलील को खारिज कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि अभ्यर्थियों को दो सही उत्तरों की जानकारी अंतिम उत्तरकुंजी और परिणाम के साथ 26 अगस्त को ही मिली। तब तक वे यही मान रहे थे कि प्रोविजनल उत्तरकुंजी में बताया गया एक उत्तर ही सही है। इसलिए वाद कारण उसी दिन पैदा हुआ और रिट दाखिल करने में कोई विलंब नहीं हुआ।
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि जहां किसी प्रश्न के दो सही उत्तर हों, वहां कोर्ट हस्तक्षेप कर प्रश्न को मूल्यांकन से बाहर करने या सभी को समान अंक देने का आदेश दे सकता है। यह मामला चयन का नहीं, केवल अर्हता परीक्षा का है। खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि जिस अभ्यर्थी ने उत्तर ही नहीं दिया, उसे अतिरिक्त अंक नहीं मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।