विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन के साइबर क्राइम गैंग को मुहैया कराते थे खाता, ऑनलाइन ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 6 सदस्य प्रयागराज में गिरफ्तार

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 23 Nov 2026 08:07 PM (IST)

प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। ये चीन के साइबर क्राइम गैंग को नौकरी और सरकारी योजना का झांसा देकर खुलवाए गए बैंक खाते मुहैया कराते थे।

प्रयागराज में 56 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में गिरफ्तार आरोपितों को मीडिया के समक्ष पेश करते पुलिस अधिकारी। सौ. पुलिस मीडिया सेल

प्रयागराज में 56 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में गिरफ्तार आरोपितों को मीडिया के समक्ष पेश करते पुलिस अधिकारी। सौ. पुलिस मीडिया सेल

HighLights

  1. नौकरी, सरकारी योजना का झांसा देकर खुलवाते थे खाता

  2. तीन म्यूल खाते के जरिए ठिकाने लगाए गए 54 करोड़ रुपये

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बेरोजगार युवकों, जरूरतमंदों को सरकारी योजना का लाभ, नौकरी दिलवाने, जल्द बड़ा आदमी बनाने का लालच देकर अलग-अलग बैंक में खाता खुलवाते थे। इसके बाद वही बैंक खाता चीन के साइबर क्राइम गैंग को मुहैय्या कराते हुए एटीएम कार्ड, पासबुक, पासवर्ड समेत अन्य अपने पास रख लेते थे। साइबर अपराधी इन्ही म्यूल खातों के जरिए ऑनलाइन ठगी की रकम को ठिकाने लगाते थे।

कई देशों में साइबर अपराधियों को म्यूल खाता देते थे

खाता उपलब्ध कराने वाले को भी कमीशन देते थे। साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने चीन, थाईलैंड, लाओस और कंबोडिया में बैठे साइबर अपराधियों को म्यूल खाता मुहैया कराने वाले गिरोह के सगे भाई समेत छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और मोबाइल के डाटा का विश्लेषण करते हुए गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

मीरगंज निवासी सनी साइबर क्राइम गिरोह का हैंडलर 

डीसीपी सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा ने सोमवार शाम पुलिस लाइन सभागार में गिरफ्तार अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश किया। बताया कि कुछ दिन पहले जानकारी मिली कि साइबर क्राइम गिरोह का हैंडलर मीरगंज निवासी सनी सिंह कुछ लोगों के साथ मिलकर ऑनलाइन ठगी कर रहा है। वह सहयोगियों के साथ अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक में म्यूल खाता खुलवाता है और फिर उसे दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में बैठे साइबर अपराधियों को टेलीग्राम एप के माध्यम से भेजता है, जिसका इस्तेमाल आनलाइन ठगी की रकम को ठिकाने लगाने में होता है।

12 म्यूल खाते से 56.04 करोड़ की साइबर ठगी 

इसी आधार पर साइबर क्राइम थाने की टीम को जांच करते हुए कार्रवाई करने के लिए कहा गया। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर आलमगीर, अर्जुन द्विवेदी, दारोगा विनोद यादव, राहुल समेत अन्य की टीम ने हैंडलर सनी सिंह समेत छह को गिरफ्तार कर लिया। इसमें चार को शनिवार को तो बाकी दो को सोमवार को जेल भेजने की कार्रवाई की गई। यह भी कहा कि गिरफ्त में आए महेश पाल, सौरभ सिंह के नाम से तीन खाते खोले गए थे। जबकि कई अन्य के नाम से कुल 12 म्यूल खाते खुलवाए गए। इन खातों का इस्तेमाल 56.04 करोड़ की साइबर ठगी में किया गया। पूरे देश में इन खातों के खिलाफ 52 शिकायतें दर्ज हैं।

इनकी हुई गिरफ्तारी

- महेश पाल, निवासी ग्राम साहा उर्फ पीपलगांव, एयरपोर्ट
- सौरभ सिंह पटेल, ग्राम गांजा, थाना एयरपोर्ट
- सनी सिंह, निवासी जवाहर स्क्वायर मीरगंज, कोतवाली
- अमन रस्तोगी, निवासी राधाकुंज कालिन्दीपुरम, धूमनगंज
- प्रांजल रस्तोगी, निवासी राधाकुंज कालिन्दीपुरम, धूमनगंज
- विवेक जायसवाल, निवासी दालमंडी, मुट्ठीगंज।

आरोपित पैसा कमाने का देते थे लालच

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित गांव के भोले-भाले लोगों को किसी सरकारी योजना, नौकरी का झांसा देकर और पैसा कमाने का लालच देकर उनके नाम से करेंट/सेविंग एकाउंट खुलवाकर उन्हें अपने पास बुलवाते थे। फिर चेकबुक, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड लेकर ओटीपी फारवर्डर एप को संबंधित बैंक मे रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर वाले फोन में इंस्टाल करते थे। उससे बैंक द्वारा ट्रांजेक्शन के दौरान आने वाली बैंक ओटीपी सीधे बाहरी देशों में बैठे साइबर ठगों के पास पहुंचती थी। साइबर अपराधी एपीके फाइल फ्राड, लोन फ्राड, इनवेस्टमेंट फ्राड में खाते का इस्तेमाल करते थे। क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से भारत मे बैठे एजेंट को उनका कमीशन दे देते थे। गिरफ्तार आरोपितों को 40 हजार यूएसडीटी कमीशन मिला था।

कालिंदीपुरम के व्हाइट होटल में करते थे मीटिंग

पुलिस का कहना है कि सनी को उसके माता-पिता ने अपने घर से निकाल दिया। इसके बाद वह कालिंदीपुरम में किराए पर रहने लगा। टेलीग्राम के माध्यम से वह मुंंबई, बैंगलुरू गैंग के लिए काम करने वाले प्रकाश सिंह के संपर्क में आया। फिर उसने अन्य युवकों को अपने साथ जोड़कर म्यूल खाता खुलवाने और कमीशन पाने का काम शुरू किया। पूछताछ में पता चला है कि जिन लोगों के नाम से खाते खुलवाए जाते थे, उन्हें कालिंदीपुरम स्थित व्हाइट होटल में बुलाकर मीटिंग की जाती थी।

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में वारदात, रंजिश में युवक का गला रेतकर गंभीर रूप से घायल किया, प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के गंगापार में दो बड़ी घटनाएं: संदिग्ध दशा में युवक की मौत, कार में धमाके से कारोबारी ने दम तोड़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।