मीनाक्षी, पद्मनाभस्वामी मंदिर संग डिज्नीलैंड में विराजीं मां दुर्गा, प्रयागराज में लुभा रहे आकर्षक पूजा पंडाल
प्रयागराज में दुर्गा पूजा के आकर्षक पंडाल भारतीय कला और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहे हैं। मीनाक्षी, पद्मनाभस्वामी ...और पढ़ें

बाई का बाग दुर्गा पूजा पार्क में पद्म्नाभस्वामी मंदिर की थीम पर तैयार किया गया दुर्गा पूजा पंडाल। जागरण
HighLights
मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर की थीम पर दरभंगा में पंडाल बनाया गया
पद्मनाभस्वामी मंदिर की थीम पर बाई का बाग का पंडाल बना
नेतानगर का पंडाल प्रसिद्ध थीम पार्क डिज्नीलैंड के अनुरूप बना है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दुर्गा पूजा के अलौकिक पंडाल भारत की समृद्ध कला और संस्कृति का दर्शन करा रहे हैं। जहां प्राचीन स्थापत्य कला और दक्षिण भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम है। इसमें खास है मीनाक्षी मंदिर की नक्काशी और पद्मनाभस्वामी मंदिर के थीम पर बने पंडाल। उत्तर और दक्षिण का सांस्कृतिक मिलन आनंदिरेक है। कला, आस्था और भव्यता की त्रिवेणी में श्रद्धालु अभिभूत हैं।
ढाकी की थाप, घंटा-घड़ियाल के बीच पूजन
नवरात्र की षष्ठी तिथि पर शुक्रवार को पंडालों में मां दुर्गा का बंगाली सहित अन्य भक्तों ने ढाकी की थाप, घंटा-घड़ियाल के कर्णप्रिय वादन के बीच पूजन किया। घट व नारियल की स्थापना करके मंत्रोच्चार के बीच मां को चक्र, तलवार, तीर, त्रिशूल, भाला, फरसा अर्पित करके उनका आमंत्रण हुआ। मां को लाल साड़ी, सिंदूर, चूड़ी, बिंदी, आभूषण, पुष्प, फल, मिष्ठान अर्पित हुआ। मां के नौ स्वरूपों के प्रतीक पंडाल में केला, कोचू (उरई), हरिद्रा, जयंती, बेल, दिरिंबो, अशोक, धान व अलताष के पौधों तथा बेल की डालियों का पूजन हुआ। दुर्गा पूजन में नयनाभिराम पंडाल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं।

दरभंगा पंडाल की अनोखी कारीगरी
तमिलनाडु के मदुरै शहर स्थित मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर की थीम पर दरभंगा में पंडाल बनाया गया है। प्लाई, लकड़ी और कपड़े से बना अद्भुत पंडाल हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रहा है। दुर्गा पूजा कमेटी दरभंगा की सदस्य मधु श्रीवास्तव कहती हैं लाइटिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है।
बाई का बाग कमेटी शताब्दी वर्ष मना रही
केरलम् के तिरुअनंतपुरम स्थित पद्मनाभस्वामी मंदिर की थीम पर बाई का बाग का पंडाल बना है। शताब्दी वर्ष मना रही बाई का बाग बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी ने मां के श्रृंगार का सामान बंगाल के मेदिनीपुर से मंगाया है। कमेटी के अध्यक्ष जयंत श्रीधर जोशी, सचिव रत्नेश पांडेय और कोषाध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल ने विधि-विधान से मां का पूजन किया।

आकर्षित कर रहा डिज्नीलैंड
नेतानगर का पंडाल प्रसिद्ध थीम पार्क डिज्नीलैंड के अनुरूप बना है। अद्भुत पंडाल दूर से सबको ध्यान खींच रहा है। मां की मूर्ति, उनके कपड़े और गहने सभी मिट्टी से बने हैं। इसके माध्यम से नेता नगर सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी पर्यावरण रक्षा का संदेश दे रही है। कमेटी के अध्यक्ष अमित यादव के अनुसार हमारी पूजा का 69वां वर्ष है। गोविंदपुर बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी 46वां वर्ष बना रही है। महासचिव विनोद गुप्ता के अनुसार परंपरा के अनुरूप पूजा हो रही है।
लुभा रहा ढोल रूपी पंडाल
अशोकनगर दुर्गा पूजा कमेटी अबकी 62वां मना रही है। पंडाल ढोल के रूप में बना है। कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित नियोगी व सचिव राजीव सचदेवा कहते हैं पंडाल देखकर श्रद्धालु प्रसन्न हैं। कर्नलगंज बारवारी दुर्गा पूजा सोसायटी अबकी 174वां वर्ष मना रही है। अध्यक्ष शंकर चटर्जी, महाचिव देवराज चटर्जी, संयुक्त महासचिव रूम्पी शीट और कोषाध्यक्ष प्रमोद चंद्रा ने मां का आमंत्रण किया।
आज सुबह पुष्पांजलि
सप्तमी तिथि पर शनिवार की सुबह मां दुर्गा को खिचड़ी, चचड़ी (पांच प्रकार की सब्जियां), खीर का प्रसाद अर्पित होगा। उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करके पूजन किया जाएगा। शाम को ढाकी की थाप पर आरती उतारी जाएगी।
यह भी पढ़ें- आठ साल में बदल गई प्रयागराज शहर की पहचान, आज ही के दिन 2018 में योगी सरकार ने इलाहाबाद का बदला था नाम
यह भी पढ़ें- घाटे की खेती को बॉय-बॉय, अब किसानों को फल-फूलों से उम्मीद; UP के कई जिलों में बढ़ा रुझान
