प्रयागराज में लोकसभा की तीन और विधानसभा की होंगी 15 सीटें, परिसीमन के बाद बदलेगी जनपद की स्थिति
प्रयागराज में आगामी परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़कर तीन और विधानसभा की सीटों की संख्या 15 होने की संभावना है। इससे जिले की प्रशासनिक और राजनीतिक स्थिति में महत्वपूर्ण बदलाव आएंगे, जिसमें नए विधानसभा क्षेत्रों का गठन भी शामिल है।

प्रयागराज में परिसीमन के बाद बदलेगी राजनीतिक तस्वीर, लोकसभा-विधानसभा सीटों का विस्तार होगा।
HighLights
शहर के साथ ही गंगापार और यमुनापार में बढ़ जाएंगे एक-एक विधानसभा क्षेत्र
भदोही लोकसभा क्षेत्र से वापस हो जाएंगी हंडिया व प्रतापपुर विधानसभा की सीटें
ज्ञानेन्द्र सिंह, प्रयागराज। परिसीमन के बाद देश और प्रदेश के साथ ही जनपद की भी स्थिति बदलने जा रही है। प्रशासनिक अमले में यह तय माना जा रहा है कि प्रयागराज में अब ढाई नहीं बल्कि पूरी तीन सीटें लोकसभा की होंगी। इसी तरह विधानसभा की अब 12 के बजाय 15 सीटें हो जाएंगी। विधेयक पास होने पर जनगणना के बाद जल्द ही परिसीमन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
किस क्षेत्र में कितनी बढ़ेगी सीट?
इसके तहत शहर में एक विधानसभा सीट तथा गंगापार और यमुनापार में एक-एक विधानसभा की सीट बढ़ेगी। प्रयागराज की हंडिया व प्रतापपुर विधानसभा सीट अभी तक भदोही लोकसभा सीट में थी, जो अब नए लोकसभा क्षेत्र में शामिल होंगी। इसके पहले वर्ष 2008 में परिसीमन हुआ था। तब नवाबगंज को बदलकर फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र बना था। इसी तरह झूंसी विधानसभा क्षेत्र के स्थान पर फूलपुर विधानसभा सीट अस्तित्व आई।
राजनैतिक परिदृष्य पूरी तरह से बदलने की उम्मीद
जिस तरह से फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र बनाया गया, इसी तरह अब झूंसी और नैनी को भी विधानसभा क्षेत्र परिसीमन में घोषित किया जा सकता है। इसी तरह शहर में इलाहाबाद उत्तर, दक्षिण व पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के साथ इलाहाबाद मध्य विधानसभा सीट बनाई जा सकती है, जो पूरी तरह से शहरी आबादी की होगी। विधानसभा व लोकसभा की नई सीटों के अस्तित्व में आने से कई क्षेत्रों की जातीय समीकरणों में भी बदलाव आ सकता है, जिससे राजनैतिक परिदृष्य पूरी तरह से बदलने की उम्मीद है।
खास-खास
- 12 विधानसभा क्षेत्र, आठ तहसील और 23 ब्लाक हैं जनपद में।
- 80 लाख के करीब आबादी तो 39 लाख से ज्यादा हो गए हैं मतदाता।
परिसीमन को लेकर भाजपा व विपक्ष की प्रतिक्रिया
विभिन्न दल इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भाजपा इसे सामान्य और सकारात्मक कदम बता रही है तो विपक्ष परिसीमन की आलोचना में लगा है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के मुताबिक यह तय है कि परिसीमन से क्षेत्रीय मुद्दों में भी बदलाव होगा और फिर वहां के अनुसार ही तेजी से विकास होगा। सपा के जिलाध्यक्ष अनिल यादव का कहना है कि मतदाता सूची तो दुरुस्त कराने में सरकार विफल है, वह परिसीमन कैसे करा सकेगी।
इलाहाबाद के स्थान पर प्रयागराज की मांग
अभी इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र के नाम से जनपद में एक सीट है। इसी तरह इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद दक्षिण व इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र है। भाजपा महानगर महामंत्री डा.शैलेश पांडेय का कहना है कि इन सीटों के नाम में इलाहाबाद के स्थान पर प्रयागराज करने की मांग उठाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।