शादी डाट काम पर जिस लड़के को देखा वह तो ठग निकला, प्रयागराज के रेस्टोरेंट में लड़की का गहना लेकर रफूचक्कर हुआ
प्रयागराज में शादी डाट काम के जरिए एक परिवार के साथ धोखाधड़ी हुई। अयान खान नामक युवक ने खुद को रिटायर्ड संयुक्त निदेशक का बेटा बताकर लड़की के गहने लेकर फरार हो गया। रायबरेली निवासी परिवार ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शादी डाट काम के जरिए आनलाइन एक लड़का देखा। निकाह के संबंध में बातचीत करने के लिए एलचिको रेस्टोरेंट में मिले। इसके बाद लड़की का गहना लेकर लड़का भाग निकला। धोखाधड़ी से परेशान मो. रिजवान ने सिविल लाइंस थाने में अयान खान नामक लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रायबरेली के रिजवान ने बहन का खोज रहा था रिश्ता
बताया गया है कि रायबरेली के भीतर गांव निवासी रिजवान की बड़ी बहन प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती है। रिजवान का कहना है कि वह शादी डाट काम से अपनी बहन के लिए रिश्ता खोज रहा था। उसकी बहन की आइडी वेरीफाई थी, जिस पर एक माह पहले रिक्वेस्ट आई। तब उसने रिक्वेस्ट भेजने वाले अयान खान नामक लड़के से संपर्क किया।
अपने को अधिकारी का बेटा बताया था
आरोप है कि अयान ने खुद को असिस्टेंट ज्वाइंट डायरेक्टर इलेक्शन कमीशन आफ इंडिया के पद से रिटायर स्व. एमआइ खान का बेटा बताया। उनकी बहन ने भी बातचीत की। इसी बीच लड़के ने कहा कि दोनों परिवार मुलाकात करें। तब 30 अगस्त 2025 को रिजवान अपनी बहन और अम्मी के साथ सिविल लाइंस स्थित एलचिको रेस्टोरेंट पहुंचे। वहां लड़का अकेला था। पूछने पर उसने कहा कि थोड़ी देर में बहन आ जाएगी।
लड़की के गहने लेकर उसे नकली थमा दिया
बातचीत के बीच ही लड़के ने रिजवान को यह कहते हुए उसकी बहन के साथ बुलाया कि कुछ बात करनी है। तब तीनों लोग चौथे तल पर पहुंच गए। वहां लड़के ने लड़की से कहा कि उसके गहने पुराने हैं। वह नया लेकर आया है, जिसे पहन ले क्योंकि उसकी बहन आने वाली है। लड़की ने नए गहने पहन लिए तो पुराने जेवरात अयान खान ने रख लिया। थोड़ी देर बाद वह बहन को बुलाने की बात कहकर बाहर निकला और जेवरात लेकर भाग गया। उसने जो गहने लड़की को दिए थे वह नकली थे, जिसे जान सब परेशान हो गए।
क्या कहते हैं सिविल लाइंस इंस्पेक्टर
इस फर्जीवाड़े के संबंध में इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।