विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज व आसपास के जिलों में ठंड झेलने को तैयार रहें, रात का तापमान 5 °C लुढ़का: अगले 7 दिनों तक सुबह कोहरा छाएगा

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 24 Nov 2026 04:25 PM (IST)

प्रयागराज में मौसम ने अचानक करवट बदली है, रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया है। नवंबर के अंत तक न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और सुबह कोहरा छाने का अनुमान है।

प्रयागराज ठंड बढ़ गई है, शीघ्र ही सुबह कोहरा छाएगा।

प्रयागराज ठंड बढ़ गई है, शीघ्र ही सुबह कोहरा छाएगा।

HighLights

  1. नवंबर के अंतिम सप्ताह में बढ़ेगी ठिठुरन, 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा पारा

  2. दिन में भी कम होने लगेगी गर्माहट, सूर्य की किरणें असरहीन रहने से बड़ेगी ठंड

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। दिन में भले ही धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही हो, लेकिन रात के तापमान में आई पांच डिग्री की गिरावट ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। सोमवार तक जिस न्यूनतम तापमान में हल्की गर्माहट बनी हुई थी, वह मंगलवार को अचानक नीचे आ गया।

सुबह और रात की ठंड बढ़ी

सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार को यह गिरकर 14.5-14.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। एक ही दिन में तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट से सुबह और रात की ठंड बढ़ गई है।

नवंबर के अंत में ठंड में और वृद्धि होगी

मौसम विभाग के अनुसार नवंबर का अंतिम सप्ताह प्रयागराज में ठंड को और मजबूत करेगा। अगले छह दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे घटकर 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट के संकेत हैं।

सुबह कोहरा छाएगा, दिन में धूप निकलेगी

फिलहाल दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन 28 नवंबर से इसमें कमी आने लगेगी और 29-30 नवंबर तक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दिन में भी पहले जैसी गर्माहट नहीं रहेगी। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है।

सुबह धुंध व रात की ठंड बढ़ेगी

आज मंगलवार सुबह आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिक नमी और कम हो रही रात के तापमान के कारण सुबह ठंड का अहसास ज्यादा रहा। मौसम के इस बदलाव के साथ ही लोगों को अब सुबह और रात में गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार खासकर बच्चों और बुजुर्गों को तापमान में अचानक आए बदलाव से बचाव करना होगा। कुल मिलाकर नवंबर के आखिरी दिनों में प्रयागराज में सर्दी धीरे-धीरे अपना असर बढ़ाने जा रही है। दिन की धूप की गर्माहट कम होगी और सुबह की धुंध के साथ ठंडी रातें सर्दी बढ़ाएगी। 

यह भी पढ़ें- महामंडलेश्वर करौली शंकर श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण से निष्कासित; परंपरा के विरुद्ध काम करने पर कार्रवाई  

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के आठ मार्गाें पर 76 ब्लैक स्पॉट चिह्नित, सड़क हादसा रोकने के लिए लगेंगे संकेतक; खर्च होंगे 1.5 करोड़ रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।