विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में दौड़ रहीं 50 सिटी बसों की आमदनी अठन्नी-खर्चा रुपइया, रोज संचालन खर्च 5.60 लाख, कमाई सिर्फ 1.60 लाख रुपये

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 22 Nov 2026 12:50 PM (IST)

प्रयागराज में 50 सिटी बसें घाटे में चल रही हैं, जहाँ दैनिक खर्च 5.60 लाख रुपये है जबकि कमाई मात्र 1.60 लाख रुपये है। सरकार इसे जनता की सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए चला रही है, भले ही यह सेवा कई जिलों में घाटे का सौदा साबित हो रही है।

प्रयागराज के नैनी स्थित कार्यशाला में खड़ी खराब इलेक्ट्रिक सिटी बसें। जागर

प्रयागराज के नैनी स्थित कार्यशाला में खड़ी खराब इलेक्ट्रिक सिटी बसें। जागर

HighLights

  1. घाटे की भरपाई का फिलहाल कोई रास्ता नहीं

  2. जनता की सहूलियत के लिए बजट दे रही सरकार

सूर्य प्रकाश तिवारी, प्रयागराज। आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपइया...। जी हां, शहर में दौड़ रहीं परिवहन निगम की 50 सिटी बसों पर यह कहावत सटीक बैठती है। यह सिटी बसें जितना कमाती हैं, उससे कई गुना अधिक इनके संचालन पर खर्च आता है।

खर्च अधिक, आमदनी कम

दिन भर दौड़ने के बाद भी यह बसें अधिकतम 1.60 लाख रुपये कमा पा रहीं हैं। इनकी चार्जिंग, मरम्मत, कार्यशाला के संचालन में ही रोज 5.60 लाख से अधिक खर्च हो रहे हैं। यह तो रही उस कंपनी के हिस्से वाले किराए की रकम, जिसने बसों की आपूर्ति की है। परिचालकों के मानदेय पर परिवहन निगम जो पूंजी लगा रहा है, वह अलग है।

शहर के पांच रूटों पर चल रहीं सिटी बस 

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत वर्ष 2021 में प्रयागराज को सिटी बसों की सौगात मिली थी। नैनी में लेप्रोसी चौराहे के पास इनका बस अड्डा और वर्कशाप है। शहर के पांच रूटों पर दौड़ने वाली 50 इलेक्ट्रिक बसें यहीं पर चार्ज होती हैं। हरियाणा में बनी पीएमई कंपनी की सिटी बसों की आपूर्ति ग्रीनसेल मोबिलिटी कंपनी ने की है। किराए पर ही यह बसें चल रहीं हैं। बसों की मरम्मत, चार्जिंग, चालक सहित पूरे वर्कशाप की जिम्मेदारी इसी फर्म को मिली है।

बस संचालन की जिम्मेदारी परिवहन निगम की 

बसों के संचालन की जिम्मेदारी परिवहन निगम के पास है। परिचालक भी निगम के रहते हैं। इसके अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी निगम ने लगा रखे हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि आपूर्तिकर्ता कंपनी को 70 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराए का भुगतान होता है। एक दिन में यह बसें लगभग आठ हजार किलोमीटर का सफर तय करती हैं और छह हजार यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाती हैं।

उप्र के कई जिलों में घाटे में चल रही सिटी बस सेवा 

विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अकेले प्रयागराज नहीं, बल्कि लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, गाजियाबाद, वाराणसी, मेरठ, मुरादाबाद, झांसी, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा सहित प्रदेश के अन्य शहरों में भी सिटी बस सेवा घाटे का सौंदा साबित हो रही है। फिर भी सरकार इसे चला रही है, ताकि महिलाओं सहित अन्य शहरवासियों को सस्ती और सुरक्षित यात्रा की सहूलियत मिले।

पांच बसें ऑफ रोड, कंपनी नहीं दे रही बैटरी

शहर में दौड़ रहीं सिटी बसों की कीमत एक-एक करोड़ से भी अधिक बताई जा रही है। एक-एक बस में पांच बैटरी लगती हैं। यह एक-एक बैटरी ही करीब सात से आठ लाख रुपये की आती है। 50 में 45 सिटी बसें ही इस समय संचालित हो रही हैं। पांच सिटी बसें वर्कशाप में खड़ी हैं। किसी में बैटरी खराब है तो किसी में कोई दूसरी खामी है।

शहर के इन रूटों पर दौड़ती हैं सिटी बसें

रूट - सिटी बसों की संख्या

शांतिपुरम से रेमंड - 16
पूरामुफ्ती से त्रिवेणी पुरम - 16
रेलवे स्टेशन प्रयागराज से मंसूराबाद - 12
यूनाइटेड से मिडसिटी - 01
रेलवे स्टेशन प्रयागराज से सीआरपीएफ कैंप - 01

सरकार का जोर सिटी बसों से आमदनी पर नहीं, बल्कि आमजन को बेहतर और महिलाओं को सुरक्षित सफर की सुविधा देने पर है। इसका लाभ शहरवासियों को मिल भी रहा है।
- रवींद्र कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रयागराज परिक्षेत्र, परिवहन निगम।

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2027 : संगम पर '12 ज्योतिर्लिंगों' के दर्शन होंगे, पहली बार चलेगी ट्वाय ट्रेन, ग्रेविटी राइड का रोमांच भी ले सकेंगे

यह भी पढ़ें- माघ मेला में चलेगी रिंग रेल, संगम में डुबकी लगाकर श्रद्धालु काशी और अयोध्या व चित्रकूट आसानी से पहुंच सकेंगे


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।