प्रयागराज में पूर्व सांसद के आवास परिसर में चला बुलडोजर, तीन घंटे तक लगी रही तमाशबीनों की भीड़
नगर निगम ने प्रयागराज में पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के आवास परिसर में नाले पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।

नाले पर किए गए अवैध निर्माण को नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से हटवाया। जागरण
HighLights
पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के आवास पर बुलडोजर कार्रवाई।
नाले पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
हाईकोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण हटाया गया।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नालों पर कब्जा कर जल निकासी का रास्ता रोकने वालों के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। हाई कोर्ट के निर्देश पर पूर्व सांसद स्वर्गीय श्यामाचरण गुप्ता के आवास परिसर के भीतर नाले पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर लगाकर ध्वस्त कर दिया गया।
सात मीटर से अधिक चौड़े नाले पर लगभग 250 मीटर के दायरे में स्लैब डालकर अतिक्रमण किया गया था। तीन घंटे से अधिक समय तक चली कार्रवाई में नाले पर डाले गए स्लैब, गेट और कर्मचारियों के लिए निवास स्थान भी बनाया था।
हालांकि, सड़क के दोनो किनारे को तोड़ा गया, लेकिन आवास परिसर के बीच के हिस्से में किए गए अवैध निर्माण को बाद में तोड़ने की बात कहकर कार्रवाई बंद कर दी गई। इस दौरान तमाशबीनों की भीड़ लगी रही।
पूरी तरह ढक दिया गया था नाला
लाउदर रोड से जलकल विभाग के कार्यालय के पास तक जाने वाले नाले को स्लैब डालकर पूरी तरह ढक दिया गया था। नाले के दोनों छोर पर गेट लगाकर उसे बंद कर दिया गया था। यही नहीं, नाले के ऊपर कर्मचारियों के रहने के लिए आवास का निर्माण भी करा लिया गया था। इससे नाले की सफाई और जल निकासी प्रभावित हो रही थी।
नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर नाले का रास्ता साफ कराया। कार्रवाई के दौरान महर्षि भरद्वाज चौराहे से संगम की ओर जाने वाली सड़क के किनारे नाले के ऊपर डाले गए स्लैब को भी तोड़ा गया। नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाकर जल निकासी का रास्ता बहाल करने की दिशा में कदम बढ़ाया।
अतिक्रमण मुक्त कराए जा रहे नाले
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नालों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। आगे भी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। इस दौरान नगर आयुक्त साईं तेजा, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, अधिशासी अभियंता अनिल मौर्य और अवर अभियंता राम सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।