प्रयागराज में जल्द दौड़ेंगी 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसें, स्टेनली रोड समेत इन रूटों पर मिलेगी सुविधा
प्रयागराज में जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलना शुरू होंगी, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
प्रयागराज में जल्द चलेंगी 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसें।
यात्रियों को हर 15 मिनट में मिलेगी बस की सुविधा।
नगर निगम कर रहा संचालन और चार्जिंग की तैयारी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को आवागमन की सहूलियत देने के लिए जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
इन बसों के चलने से यात्रियों को हर 15 मिनट में बस उपलब्ध कराने की योजना है। नगर निगम की ओर से बसों के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इलेक्ट्रिक बसों को शहर के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया जाएगा। इनमें स्टेनली रोड, एमजी मार्ग, थार्नहिल रोड, लूकरगंज रोड, लीडर रोड, जीटी रोड, सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। अलग-अलग रूट निर्धारित कर बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक आबादी को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने के साथ ही प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त साईं तेजा ने बताया कि नगर निगम को जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हो जाएंगी। इनके संचालन की तैयारियां की जा रही हैं। बसों के लिए स्टेशन और चार्जिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज के खंड शिक्षाधिकारियों में बड़ा फेरबदल, नौ BEO का गैर जनपद तबादला; 11 की यहां होगी तैनाती