प्रयागराज में भारतगंज-प्रतापपुर राज्य सड़क के दिन बहुरेंगे, मार्ग चौड़ीकरण पर खर्च होंगे 67.24 करोड़ रुपये
प्रयागराज में भारतगंज-प्रतापपुर राज्य सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 67.24 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से 16.81 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। इससे यमुनापार क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शहर की अन्य सड़कों का भी जल्द ही विकास किया जाएगा।

प्रयागराज में भारतगंज-प्रतापपुर राज्य सड़क का पीडब्ल्यूडी चौड़ीकरण करेगा। जागरण आर्काइव
HighLights
शासन ने पहली किस्त 16.81 करोड़ रुपये जारी किए, लोगों का आवागमन आसान होगा
लोक निर्माण विभाग मार्ग के 12.850 किमी हिस्से का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण करेगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में भारतगंज-प्रतापपुर राज्य सड़क के दिन बहुरने वाले हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस मार्ग के 12.850 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 67.24 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। शासन ने इसके लिए पहली किस्त के रूप में 16.81 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
राज्य राजमार्ग चौड़ीकरण योजना के तहत होगा कार्य
भारतगंज-प्रतापपुर मार्ग के किलोमीटर 45 से 57.850 तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 की राज्य राजमार्ग चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण योजना के तहत इस परियोजना को मंजूरी मिली है। इसमें पांच वर्ष के अनुरक्षण का खर्च भी शामिल है।
अगले कुछ माह में अन्य सड़कों का भी होगा निर्माण
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पीके राय ने बताया कि परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 67.2449 करोड़ रुपये है। इसमें पहली किस्त के तौर पर 16.8112 करोड़ रुपये जारी की जा चुकी है। इसके अलावा अन्य भी कई सड़कों का निर्माण आने वाले कुछ महीनों में कराया जाएगा।
शहर की सड़कें भी चमकेंगी
उधर शहर की बदहाल और प्रमुख सड़कों की सूरत बदलने की नगर निगम तैयारी कर रहा है। इसके तहत राजरूपपुर, करेली और झलवा समेत विभिन्न क्षेत्रों की 20 से अधिक सड़कों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इनमें राजरूपपुर की 80 फीट से लेकर 60 फीट रोड तक चौड़ी सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण और सुंदरीकरण पर 24 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।