पुलिस की घोषित चारों SOG टीमें भंग फिर भी अघोषित रूप से कर रहीं काम, टीम में कई दागी पुलिसकर्मी भी शामिल
प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर द्वारा भंग की गई एसओजी की चारों टीमें अभी भी अघोषित रूप से काम कर रही ...और पढ़ें

प्रयागराज में भंग एसओजी टीमें अघोषित रूप से सक्रिय हैं।
HighLights
प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर ने एसओजी की चारों टीमों को भंग कर दिया था
दो महीने बाद भी नई टीम का गठन नहीं, किरकिरी से विभाग में हो रही चर्चा
ताराचंद्र गुप्ता, प्रयागराज। यमुनानगर के शंकरगढ़ इलाके संचालित अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का मुंबई पुलिस ने राजफाश किया। करोड़ों की ड्रग समेत तस्करों की गिरफ्तारी की। इसकी भनक थाने की पुलिस और स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) को नहीं लगी। इस घटनाक्रम से पुलिस विभाग की छवि पूरे प्रदेश में धूमिल हुई।
एसओजी टीम की मिल रही थी शिकायतें
ऐसा तब हुआ जब सेंट्रल, यमुनानगर, गंगानगर और नगर जोन की कुल चार एसओजी टीम में 44 दारोगा, दीवान और सिपाही तैनात थे। इसमें कई लंबे समय से तैनात थे तो कुछ दागी थे। उनके खिलाफ कई तरह की शिकायतें भी मिल रही थीं। तब पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने विभाग की छवि को सुधारने, आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और भरोसे को मजबूत करने के लिए घोषित एसओजी की चारों टीमों को भंग कर दिया था।
भंग टीमें अघोषित रूप से कर रहीं काम
हालांकि इस विडंबना कहें या कुछ और कि जिन टीमों को भंग किया गया, वही अब अघोषित रूप से काम कर रही है। एक तरह से पद से हटाए गए प्रभारियों के पास ही कमान है और जो अधिकारियों की मंशा के अनुरूप के बजाय मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। इसकी बानगी कीडगंज और चकिया इलाके में हुई घटना है, जिससे विभाग की किरकिरी हुई।
टीमों को भंग किया तो काम क्यों लिया जा रहा?
करीब दो महीने बाद भी एसओजी की नई टीम का गठन नहीं हो सका, इसको लेकर जहां सवाल उठ रहे हैं तो महकमे में कई तरह की चर्चा भी हो रही है। कुछ का यह भी कहना है कि जब टीम को भंग किया तो उनसे काम क्यों लिया जा रहा है? हालांकि यह अधिकारियों को तय करना है।
घटना- एक
कीडगंज क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को पकड़ने गई एसओजी की टीम को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। पकड़े युवक को भीड़ ने छुड़ा लिया। पुलिस पर जबरन कार्रवाई करने का आरोप लगाया। अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति को संभाली। तब किसी तरह एसओजी के जवान वहां से निकल पाए।
घटना- दो
चकिया इलाके में दबिश देने गई एसओजी की टीम को भी स्थानीय लोगों ने घेर लिया। बवाल और पथराव की आशंका पर एसओजी की टीम खुद ही पकड़े गए युवक को छोड़कर भाग निकली। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी नहीं दी गई। मामला क्या था, यह भी साफ नहीं हो सका।
क्या बेहतर पुलिसकर्मियों की कमी है?
सूत्रों का कहना है कि भंग की गई टीम के सभी दारोगा, दीवान, सिपाही अभी भी फील्ड में सक्रिय हैं। कार्यालय में बैठते हैं। इसको लेकर पुलिसकर्मियों के बीच यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि क्या प्रयागराज कमिश्नरेट में बेहतर और व्यावसायिक रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों की कमी हो गई है या पुराने और दागी पुलिसकर्मी अधिकारियों की बीच अपनी गहरी पैठ बना चुके हैं? गंगाननगर के एसओजी प्रभारी का नाम अब सर्विलांस प्रभारी के रूप में दर्शाया जाता है। चारों टीम की कार्यशैली ऐसी है कि एयरपोर्ट, थरवई और करछना में हत्याकांड जैसे बड़ी घटनाओं का राजफाश एक साल बाद भी नहीं हो सका है।
माफिया के गुर्गे, अपराधियों से गठजोड़
अघोषित रूप से काम कर रहे एसओजी टीम में कई ऐसे भी पुलिसकर्मी हैं, जिनका माफिया अतीक के कुछ गुर्गों, अपराधियों से गठजोड़ रहे हैं। गोतस्करों के संपर्क में रहे और उनके संसाधनों का उपयोग व्यक्तिगत कार्याें के लिए करते रहे हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार शिकायतें भी हुईं, लेकिन कार्रवाई तो दूर एसओजी से भी नहीं हटाया जा सका है। इसके चलते उनकी आम शोहरत को लेकर कई तरह की बात कही जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।