प्रयागराज में बदला मौसम, बादल छाने से हवा की गुणवत्ता बिगड़ी; AQI 110 पर पहुंचने से सांस के मरीजों को परेशानी
प्रयागराज में मौसम बदलने से हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 110 पर पहुंच गया ...और पढ़ें

प्रयागराज में हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से एक्यूआई बढ़ गया है।। जागरण आर्काइव
HighLights
हवा में प्रदूषक तत्वों की बढ़ती मात्रा के कारण वातावरण में भारीपन महसूस
शहर में एक्यूआइ 110 होने का मतलब है कि हवा मध्यम श्रेणी में चल रही
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहने से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसके साथ ही शहर की हवा की गुणवत्ता भी प्रभावित होने लगी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 110 पर पहुंच गया है। हवा में प्रदूषक तत्वों की बढ़ती मात्रा के कारण वातावरण में भारीपन महसूस किया जा रहा है।
सामान्य से दो डिग्री अधिक है न्यूनतम तापमान
मंगलवार को प्रयागराज का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। अगले सात दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ बीच-बीच में धूप भी खिलने का अनुमान है। धूप निकलने और वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
बच्चों व बुजुर्गाें को भी परेशानी
फिलहाल संगम नगरी में एक्यूआइ 110 होने का मतलब है कि हवा मध्यम श्रेणी में चल रही है। इसकी वजह से विशेषकर सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे व्यक्तियों, बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा हो सकती है।
उमस भी कर सकती है परेशान
मौसम विभाग के अनुसार दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ वातावरण में नमी बनी रह सकती है। लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने के बजाय उमस का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, हवा की गुणवत्ता में संभावित गिरावट को देखते हुए सुबह और शाम के समय बाहर निकलने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
