प्रयागराज के पीडी टंडन पार्क में बनेगा ग्लो गार्डन, बच्चों के वाटर गेम्स व वाइल्ड लाइफ पर्यटकों को लुभाएगी
प्रयागराज का पीडी टंडन पार्क में पांच थीम पर आधारित ग्लो गार्डन जोन विकसित किए जाएंगे। बच्चों के लिए वाटर गेम्स, वन्यजीवों की प्रतिकृतियां और रंगीन फव्वारे पर्यटकों को लुभाएंगे।

प्रयागराज पीडी टंडन पार्क में पीडीए की प्रस्तावित कार्ययोजना के क्रियान्वयन के बाद ऐसे दिखेगा प्रकाशयुक्त रंगीन फव्वारा। सौजन्य : सूचना विभाग
HighLights
सिविल लाइंस स्थित पार्क में पांच थीम पर ग्लो गार्डन जोन विकसित होगा
रंगीन फव्वारा व प्रकाशयुक्त घास, पांडा की प्रतिकृति भी आएगी नजर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के ह्रदय स्थल सिविल लाइंस स्थित पीडी टंडन पार्क अब शहर का आकर्षण का केंद्र होगा। इसमें ग्लो गार्डेन विकसित होगा। यहां प्रस्तावित लेआउट के तहत पांच थीम पर आधारित जोन विकसित किया जाएगा। प्रकाशयुक्त घास, बच्चों के लिए वाटर गेम्स, बांस की पृष्ठभूमि में पांडा की प्रतिकृति तथा प्रकाशयुक्त वन्यजीवों की आकर्षक प्रतिकृतियां पर्यटकों को आकर्षित करेंगी।
मंडलायुक्त द्वारा प्रस्तावित ग्लो गार्डन योजना का निरीक्षण
मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने पीडी टंडन पार्क का निरीक्षण करके शीघ्र की यहां काम शुरू कराने के निर्देश दिए। प्रस्तावित ग्लो गार्डन की योजना का निरीक्षण किया। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषि राज ने बताया कि प्रस्तावित लेआउट के अंतर्गत पांच थीम आधारित जोन विकसित होंगे। प्रकाशयुक्त घास, बच्चों के लिए वाटर गेम्स, बांस की पृष्ठभूमि में पांडा की प्रतिकृति तथा प्रकाशयुक्त वन्यजीवों की आकर्षक प्रतिकृतियां शामिल हैं।

दुकानें विकसित करने की भी योजना
पार्क के मध्य स्थित फव्वारे को रंगीन प्रकाशयुक्त फव्वारे के रूप में विकसित होंगे। शीघ्र डीपीआर तैयार कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश देते हुए मंडलायुक्त ने ग्लो गार्डन को बच्चों के लिए आकर्षक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने को कहा ताकि यह बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। उन्होंने पार्क की बाहरी परिधि के साथ थीम आधारित दुकानें विकसित करने की योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।

सीएम ग्रिड की सड़क निर्माण में अनियमितता मिली
शहर में सीएम ग्रिड की सड़कों के निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। जार्जटाउन में लिडिल रोड समेत अन्य सड़कों में पिछले दिनों गड़बड़ी पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया था। मंडलायुक्त ने क्लाइव रोड का निरीक्षण किया तो उसमें भी गड़बड़ी पकड़ ली गई। मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त साईं तेजा एवं संबंधित अभियंताओं के साथ क्लाइव रोड पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों के निरीक्षण किया।

मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी
इस दौरान सड़क एवं फुटपाथ की फिनिशिंग, सिल्ट की सफाई, टाइल्स की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक कार्यों में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप अपेक्षित सुधार एवं प्रगति न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। सड़क एवं फुटपाथ की फिनिशिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं के निराकरण तथा अभियंताओं की दक्षता बढ़ाने के लिए उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए। कहा कि अन्य जनपदों के विशेषज्ञों को आमंत्रित कर संबंधित अभियंताओं को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाएं।
