गहने बेचे व खेत गिरवी रखकर 7 लाख रुपये खर्च कर बेटे का इलाज कराया, 6 महीने में भी डाॉक्टर नहीं जोड़ सके हड्डी
प्रयागराज के विनीता अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा है। एक परिवार ने बेटे की टूटी हड्डी के ...और पढ़ें

प्रयागराज में निजी हास्पिटल में बच्चे को इलाज में राहत नहीं मिलने पर रिक्शे से वापस ले जाते घरवाले। जागरण
HighLights
प्रयागराज में फाफामऊ के विनीता अस्पताल पर गंभीर आरोप, डीएम से शिकायत
थरवई में पड़िला महादेव मंदिर के पास रहने वाले 13 वर्षीय किशोर की हड्डी टूटी थी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। छह महीने में इलाज पर सात लाख रुपये खर्च हो गए, परिवार ने गहने बेचे और खेत गिरवी रख दिया। स्थिति यह है कि हड्डी जुड़ नहीं पाई, संक्रमण से उसमें मवाद पड़ गया है। अब आगे और इलाज के लिए तीन लाख रुपये खर्च बताया जा रहा है।
पीड़ित किशोर के माता-पिता, दादी आदि परेशान
निजी अस्पतालों में किस तरह से लोगों को परेशानी हो रही है इसका ज्वलंत उदाहरण है फाफामऊ स्थित विनीता हास्पिटल का यह केस। 13 वर्षीय किशोर को लेकर माता-पिता, दादी व अन्य लोग दर-दर भटक रहे हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया।
हड्डी जुड़ी नहीं, मवाद बन गया
थरवई में पड़िला महादेव मंदिर के पास रहने वाली जयदेवी गिरि ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में बताया कि पौत्र रुद्र गिरि पुत्र उमेश, की एक हादसे में बाएं जांघ की हड्डी टूट गई थी। विनीता अस्पताल में छह महीने से इलाज करा रहे हैं। करीब चार लाख रुपये के गहने बेचने पड़े। खेत गिरवी रख दिया गया है। रुद्र के पैर की हड्डी जुड़ नहीं पाई है, दूसरे अस्पताल ले जाने पर पता चला कि मवाद पड़ गया है। शिकायती पत्र में एक डाक्टर का नाम लिखते हुए इलाज में लापरवाही और परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है।
अस्पताल निदेशक ने आरोप निराधार बताया
विनीता हास्पिटल के निदेशक डॉ. बिंदु विश्वकर्मा का कहना है कि इलाज में कोई लापरवाही नहीं हुई है। रुद्र को जब लाया गया था तब जांघ की हड्डी टूट कर बाहर आ चुकी थी और काफी खून निकल जाने से जान पर बड़ा संकट था। ऐसी स्थिति को कंपाउंड फ्रैक्चर कहते हैं। इसके इलाज में संक्रमण की संभावना रह जाती है, क्योंकि भीतरी परीक्षण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाता है। कहा कि हड्डी का एलाइन्मेंट बढ़िया हुआ था। जो आरोप लगाए गए हैं वह निराधार हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।