सायरन बजते ही बुझ गईं सारी बत्तियां, बचाओ-दौड़ो... अरे शीघ्रता करो का मचा शोर; रेस्क्यू में लग गईं टीमें
प्रतापगढ़ के पुलिस लाइन मैदान में एयर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विषम परिस्थितियों में पुलिस-प्रशासन की राहत व बचाव तैयारियों का परीक्षण करना था।

प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में एयर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल से आपातकालीन तैयारियों का परीक्षण किया गया। जागरण
HighLights
प्रतापगढ़ पुलिस लाइन मैदान में एयर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल में जुटे डीएम व अन्य अधिकारी
आपातकालीन परिस्थितियों में राहत व बचाव की गई पुलिस-प्रशासन की तैयारी को परखा गया
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। अराजकतत्वों ने पुलिस लाइन में हवाई माध्यम से बम गिराए। इस पर तत्काल सायरन बजा और सारी बत्तियां बुझ गईं। पुलिस लाइन के मैदान में अंधेरा छा गया। बचाओ- दौड़ो...अरे शीघ्रता करो का मचा शोर। पलक झपकते ही आपातकालीन सेवा की टीमें बचाव में लग गईं। राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में भी आपात सेवाएं तैयार थीं। कुछ ही देर में सब कुछ नियंत्रण में आ गया।
एयर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल
यह कोई वास्तविक हमला नहीं था, बल्कि ऐसी विषम परिस्थितियों में राहत व बचाव के लिए की गई पुलिस-प्रशासन की तैयारी को परखने के लिए किया गया एयर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल था। मैदान में अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय, एएसपी प्रशांत राज, डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस राकेश कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।
तत्काल बिजली आपूर्ति बाधित की गई
हमले का डेमो होते ही जैसे ही जिला प्रशासन को जानकारी मिली, तत्काल प्रशासन द्वारा विद्युत आपूर्ति बाधित की गई। सायरन बजाकर आम नागरिकों सहित समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को अलर्ट किया गया तथा तत्काल पुलिस बल, अग्निशमन, होमगार्ड, एसडीआरएफ, एनसीसी कैडेट व चिकित्सा की टीमें पहुंचीं।
अस्पताल में रेड, यलो व ग्रीन जोन बनाए गए थे
बम के माध्यम से लगी हुई आग को अग्निशमन दमकल द्वारा पानी के माध्यम से बुझाया गया और रेसक्यू टीमों द्वारा हमले से घायल लोगों को निकाला गया और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया तथा अन्य कई लोगों को रेस्क्यू टीमों द्वारा सकुशल बचाया गया। अस्पताल में रेड जोन, यलो जोन व ग्रीन जोन बनाए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।