Praygraj News: संगम स्नान को आ रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकप पलटी, 18 घायल
प्रयागराज में संगम स्नान के लिए मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटने से 18 लोग घायल हो गए। घटना परेड मैदान के पास हुई जहाँ तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मध्य प्रदेश से संगम स्नान को आए श्रद्धालुओं से भरी पिकप शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे परेड मैदान स्थित काली सड़क के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 18 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों में अधिकांश एक ही परिवार के हैं।
मप्र के टीकमगढ़ से 24 लोग गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे संगम स्नान के लिए पिकप में सवार होकर निकले। चालक रामेश्वर पाल को मिलाकर यह संख्या 25 हो गई। सभी को संगम स्नान के बाद बड़े बंधवा स्थित लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन करना था।
चालक के बगल में तीन लोग बैठे थे, जबकि 21 लोग डाला में सवार थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे जब चालक परेड मैदान स्थित काली सड़क के पास पहुंचा तो वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। सामने अचानक मोड़ देखकर जैसे ही रामेश्वर पाल ने स्टेयरिंग घुमाई पिकप अनियंत्रित हो गई और पलट गई।
वाहन में सवार छह लोग उसके नीचे दब गए, जबकि अन्य इधर-उधर गिर गए। चीख पुकार मच गई। राहगीरों के साथ ही पास स्थित झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोग घटनास्थल पर पहुंचे। खबर पाकर संगम पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी भी आ गए।
पिकप के नीचे दब लोगों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। इसमें 18 लोग घायल थे। इसी बीच एंबुलेंस की कई गाड़ियां पहुंचीं और सभी घायलों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। इसमें जगदीश, रामेश्वर पाल, लेखराज, बागचंद्र, चिंटू पाल, घनश्याम पाल, ज्ञानश्याम, धारू पाल, भागीरथ, गौरव, संजीव, मनीष, वीरेंद्र पाल, रोहित, गयादीन, मुकेश, मनु, चरन व एक अन्य शामिल हैं। डाक्टरों के मुताबिक इसमें 17 की हालत ठीक है, जबकि भागीरथ की हालत गंभीर है।
घायलों में घनश्याम, ज्ञानश्याम सगे भाई है, जबकि अन्य परिवार के ही हैं। डीसीपी नगर अभिषेक भारती भी स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। डाक्टरों से भी बात की।
सामान ढोने वाले वाहन में कैसे सवार थे श्रद्धालु
जिस पिकप में श्रद्धालु सवार थे, उसमें सामान लादा जाता है। मप्र से परेड मैदान तक पिकप में सवार होकर इतने लोग आ गए और रास्ते में कहीं भी पुलिसकर्मियों ने इन्हें नहीं रोका। जबकि मामा भांजा तालाबा, लेप्रोसी मिशन चौराहा, नये यमुना पुल के पास यातायता पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं।
संबंधित थाने के पुलिसकर्मी भी यहां तैनात रहते हैं, लेकिन किसी ने इस पिकप को रोकने की कोशिश नहीं की। अस्पताल में भर्ती घायलों से जब पिकप में सवार होने की बात पूछी गई तो बताया कि रामेश्वर पाल घर का ही है। वह अपनी पिकप खुद चलाता है।
ऐसे में पूरे परिवार ने इसी वाहन में सवार होकर संगम स्नान की योजना बनाई थी। डीसीपी नगर अभिषेक भारती का कहना है कि पिकप में सवारियों को बैठाने की अनुमति नहीं है। इसकी जांच कराई जा रही है और मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।