PDA नई आवासीय योजना शुरू कर रहा, प्रयागराज में 500 से अधिक भूखंड बेचेगा, एक माह में शुरू होगी बिक्री
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) बेगमसराय, कसारी-मसारी और नैनी में 500 से अधिक आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की नई योजनाएं शुरू कर रहा है। इनमें 60 से 1000 वर्ग मीटर तक के प्लाटों की बिक्री होगी।

प्रयागराज में PDA की नई आवासीय योजना, 500 से अधिक भूखंडों की बिक्री जल्द शुरू होगी।
HighLights
बेगमसराय, कसारी-मसारी और नैनी में विकसित होंगी आवासीय योजनाएं
इन योजनाओं में 60 से 1000 वर्ग मीटर तक के प्लाटों की होगी नीलामी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में अपनी पसंद के इलाके में जमीन खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब भूखंड के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) तीन अलग-अलग स्थानों पर नई प्लाटिंग स्कीम शुरू करने जा रहा है।
बेगमसराय, कसारी-मसारी और नैनी में विकसित होने वाली इन योजनाओं में 500 से अधिक आवासीय और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध होंगे। खास बात यह है कि इन जमीनों पर पहले दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा था।
पीडीए ने इन्हें कब्जामुक्त कराने के बाद अब व्यवस्थित आवासीय योजनाओं के रूप में विकसित करने की तैयारी की है। अगले एक माह में भूखंडों की बिक्री प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। पीडीए की ओर से तीनों स्थानों पर कुल 12 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में प्लाटिंग स्कीम विकसित की जाएगी।
इसमें कसारी-मसारी में 4.55 हेक्टेयर क्षेत्रफल में माधव कुंज हाउसिंग स्कीम, बेगमसराय में 3.22 एकड़ में यमुना वन हाउसिंग स्कीम और नैनी में 2.91 एकड़ में पारिजात हाउसिंग स्कीम विकसित होगी। इन योजनाओं में 60 वर्ग मीटर से लेकर 1000 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
इससे छोटे भूखंड की तलाश करने वाले मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ ही बड़े भूखंड और व्यावसायिक जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों को भी विकल्प मिलेगा। पीडीए के संपत्ति अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि तीनों प्लाटिंग स्कीम में भूखंडों की बिक्री की तैयारी अंतिम चरण में है। एक माह के भीतर बिक्री प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
अवैध कब्जे से मुक्त जमीन पर बसेंगी नई कालोनियां
पीडीए की आवासीय योजनाओं के लिए आरक्षित जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। प्राधिकरण ने अभियान चलाकर इन भूखंडों को कब्जा मुक्त कराया है। अब खाली कराई गई जमीन का बेहतर उपयोग करते हुए वहां नई प्लाटिंग स्कीम विकसित की जा रही है। इससे एक ओर प्राधिकरण की संपत्तियों का सदुपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को नियोजित तरीके से विकसित भूखंड खरीदने का अवसर मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।