रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे यूनिसेक्स सैलून, यात्रा के दौरान साज-सज्जा कर सकेंगे; NCR के इन स्टेशनों से होगी शुरूआत
उत्तर मध्य रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक ग्रूमिंग सुविधाएं शुरू कर रहा है। अलीगढ़ और टूंडला रेलवे स्टेशनों पर यूनिसेक्स सैलून ...और पढ़ें

एनसीआर के अलीगढ़ और टूंडला रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 'यूनिसेक्स सैलून' खोले जाएंगे। जागरण आर्काइव
HighLights
अलीगढ़ और टूंडला स्टेशन से यात्रियों के लिए शुरू होगी अनूठी पहल
सर्कुलेटिंग एरिया में मिलेंगी आधुनिक ग्रूमिंग सुविधाएं, ई-नीलामी शुरू
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे स्टेशनों पर अब सिर्फ चाय-नाश्ता और अखबार ही नहीं, बल्कि सफर पर निकलने से पहले यात्री अपने बाल कटवा सकेंगे और दाढ़ी भी संवार सकेंगे। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्री सुविधाओं में नवाचार करते हुए स्टेशनों पर आधुनिक ग्रूमिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
अलीगढ़, टूंडला के बाद अन्य स्टेशनों पर भी होंगे सैलून
इसके तहत अलीगढ़ और टूंडला रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुसज्जित एवं आरामदायक कुर्सियों से युक्त 'यूनिसेक्स सैलून' खोले जाएंगे। यह प्रयोग अगर सफल रहा तो यह सुविधा अन्य स्टेशनों पर भी मिलेगी।
रेलवे स्टेशनों पर ग्रूमिंग सुविधा ले सकेंगे यात्री
रेलवे परिसरों में खानपान व रिटायरिंग रूम की सुविधाएं आम हैं, लेकिन स्टेशनों पर ब्रांडेड व व्यवस्थित सैलून की व्यवस्था यात्रियों के लिए बिल्कुल नया अनुभव होगी। अक्सर लंबी यात्रा, शादी-समारोह या जरूरी व्यावसायिक बैठकों के लिए निकलने वाले यात्रियों को घर से निकलते वक्त ग्रूमिंग का समय नहीं मिल पाता। ऐसे में स्टेशन परिसर में ट्रेन के इंतजार के दौरान वे बाल कटवाने, शेविंग या फेशियल जैसी सुविधाएं ले सकेंगे। यह सुविधा पुरुष और महिला दोनों वर्ग के यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।
ई-नीलामी की प्रक्रिया 24 अक्टूबर को
मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि अलीगढ़ और टूंडला रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में इन यूनिसेक्स सैलून की स्थापना, संचालन और प्रबंधन का ठेका पांच वर्ष की अवधि के लिए दिया जाएगा। दोनों स्टेशनों पर आउटलेट के लिए ई-नीलामी की प्रक्रिया 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। इस अनूठी पहल से जहां यात्रियों को आन-द-गो ग्रूमिंग की सुविधा मिलेगी, वहीं रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी इजाफा होगा।
