फूलों की पालकी में विराजे श्रीगुरु ग्रंथ साहिब, श्रद्धा-उल्लास से संगम नगरी में निकली नगर कीर्तन यात्रा
श्रीगुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर प्रयागराज में भव्य नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई, जिसमें पंज प्यारों की अगुवाई में श्रीगुरु ग्रंथ साहिब को फूलों की पालकी में सुशोभित किया गया। यह यात्रा भक्तिमय माहौल में विभिन्न मार्गों से गुजरी और 24 नवंबर को खुल्दाबाद गुरुद्वारा में प्रकाश उत्सव मनाया जाएगा।

श्रीगुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में प्रयागराज में निकाली गई नगर कीर्तन यात्रा में शामिल स्कूली बालिकाएं। जागरण
HighLights
पंज प्यारों ने किया यात्रा का नेतृत्व, शहर के विभिन्न मार्गों पर हुई पुष्पवर्षा
गुरुनानक देव का प्रकाश उत्सव 24 नवंबर को खुल्दाबाद गुरुद्वारा में मनेगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सिख धर्म के संस्थापक श्रीगुरु नानक देव के 557वें प्रकाश उत्सव (जन्मोत्सव) के उपलक्ष्य में भव्य नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। फूलों की पालकी में श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप को सुशोभित किया गया। पालकी के आगे सेवादार श्रद्धा से झाड़ू से सड़क की सफाई करते हुए बढ़ रहे थे।
माहौल भक्तिमय हो गया
पंज (पांच) प्यारों की अगुवाई यात्रा विभिन्न मुहल्लों में भ्रमण की। 'बोले सो निहाल, सतश्री अकाल' के गगनचुंबी उद्घोष और गुरुवाणी की मधुर ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रीगुरुनानक देव की भक्ति में हर कोई रम गया, उनके स्नेह, मानवता के संदेश को आत्मसात किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा करके यात्रा का स्वागत हुआ।
संगत गुरुवाणी शबद का सामूहिक गायन
श्री गुरु सिंह सभा की ओर से रविवार को गुरुद्वारा खुल्दाबाद से नगर कीर्तन यात्रा का शुभारंभ हुआ। सभा के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह की देखरेख में निकली यात्रा में शामिल संगत गुरुवाणी शबद 'सुणी पुकार दातार प्रभु गुरु नानक जग माहि पठाया...' का सामूहिक गायन करते हुए चल रहे थे। इससे हर तरफ श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल नजर आया।
गतका का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा
गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर नखास कोहना, घंटाघर, जानसेनगंज, हीवेट रोड, लोकनाथ और चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा पुनः गुरुद्वारा आकर विराम ली। नगर कीर्तन यात्रा में श्रीगुरु तेग बहादुर खालसा गर्ल्स इंटर कालेज की छात्राएं बैंडबाजा का वादन करते हुए बढ़ीं। गतका का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
मतदान जागरूकता का संदेश भी दिया
यात्रा में शामिल लोगों ने मतदान जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। सभा के महामंत्री दिलजीत सिंह के अनुसार गुरुनानक देव का प्रकाश उत्सव 24 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब खुल्दाबाद में श्रद्धा से मनाया जाएगा। कोषाध्यक्ष मनजीत सिंह माकन, इंद्रप्रीत सिंह आदि शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।