प्रयागराज में कचहरी और कटरा क्षेत्र में शहरवासियों को जाम से मिलेगी राहत, बनेगी चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग
प्रयागराज के कचहरी और कटरा क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम मल्टीलेवल पार्किंग का ...और पढ़ें

प्रयागराज के कटरा क्षेत्र में जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम मल्टीलेवल पार्किंग बनाएगा।
HighLights
15 बिस्वा जमीन पर पार्किंग का निर्माण होगा, 150 करोड़ होंगे खर्च
400 चार पहिया व 1000 दो पहिया वाहन खड़े करने की होगी सुविधा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सड़कों का चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था में बदलाव के बावजूद शहर के प्रमुख क्षेत्रों में जाम की समस्या खत्म नहीं हो रही है। खासकर कचहरी और कटरा क्षेत्र में सुबह से रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने कटरा में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की तैयारी शुरू की है।
लक्ष्मी टाकीज चौराहा और लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के बीच लगभग 15 बिस्वा जमीन पर पांच मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित पार्किंग में 400 चार पहिया और एक हजार दो पहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इससे कटरा बाजार, जिला न्यायालय, विकास भवन और लोक निर्माण विभाग के कार्यालय आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
अभी पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़कों के किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे पहले से व्यस्त सड़कों पर जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक इस क्षेत्र में यातायात का दबाव बना रहता है।
नगर निगम की ओर से जल्द ही मल्टीलेवल पार्किंग के लिए सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इस परियोजना पर 150 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि जाम से छुटकारा दिलाने के लिए नगर निगम शहर के चार से पांच प्रमुख स्थानों पर भी मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना तैयार कर रहा है।
शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए चार से पांच स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना है। कटरा क्षेत्र में आने वाले महीनों में इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पार्किंग बनने से कटरा और जिला न्यायालय आने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
- गणेश केसरवानी, महापौर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।