Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में पूर्व केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा- दहशतगर्दी के मेड इन इस्लामाबाद दरिंदे इस्लाम के दुश्मन

    पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रयागराज में कहा कि मोदी और योगी सरकार ने मुसलमानों के विकास में कोई कमी नहीं की है। उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की आलोचना करते हुए कहा कि हमारी सेना ने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और वक्फ कानून को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया।

    By Amlendu Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava Updated: Sun, 06 Jul 2025 02:26 PM (IST)
    Hero Image
    प्रयागराज के भदारी में मोहर्रम पर ताजिया की अजादारी में शामिल मुख्तार अब्बास नकवी। सौ..संगठन

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी रविवार को प्रयागराज पहुंचे। पैत्रिक गांव भदारी में दस मोहर्रम के दिन ताजिए अजादारी में शामिल हुए। इससे पूर्व सर्किट हाउस में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर हमला बोला। कहा, दहशतगर्दी के मेड इन इस्लामाबाद दरिंदे इस्लाम के उसूल और इस्लामाबाद के वजूद के दुश्मन हैं। जुल्म, जुर्म, जल्लादी, जानवरों को जमींदोज करना किसी भी मुल्क, मजहब, मानवता को महफूज मजबूत रखने का धर्मयुद्ध है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नकवी ने कहा कि हमारी सेना के धुरंधरों ने टेररिज्म की टकसाल और टेरिटरी में घुसकर दहशतगर्द दरिंदों के दुस्साहस की धुआंधार, धमाकेदार धुलाई, धुनाई कर दहशतगर्द दरिंदों के आकाओं को जन्म जन्मांतर याद रहने वाला दंड दिया है। मोदी सरकार तीसरे कार्यकाल में ईमान, इकबाल, इंसाफ के संकल्प के साथ सुशासन के सफल सफर को आगे बढ़ा रही है। पहली गैर कांग्रेस सरकार है जो बिना कुनबे के सपोर्ट और कांग्रेस के रिमोट के स्थायित्व के साथ सुशासन, सफलता के कीर्तिमान स्थापित करती आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सामंती कुंड के सियासी झुंड की कुंठा, कटुता का कारण यही है।

    उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा, धृष्टता पूर्ण धमाल के धाराप्रवाह कमाल में जुटे खुराफाती सोच के खुड़पैची सूरमाओं की सनकी सियासत का सुरूर और गुरूर को जनता चुनावी चौपाल पर लगातार चित कर रही है। कुनबे के कुंड में कैद कुंठित झुंड वाले डायनेस्टी के डिफाल्टर डींगबाज डेमोक्रेसी को डायनेस्टी का डिज्नीलैंड समझने की नासमझी ही उनकी नाकामी का कारण है। मोदी और योगी या किसी भी भाजपा शासित राज्य सरकार ने मुसलमानों के विकास में कमी नहीं की। भले ही उनके साथ वोटों में कंजूसी की गई हो।

    बोले कि वक्त आ गया है, हमें भाजपा के साथ राजनीतिक असहिष्णुता और अस्पृश्यता के मिजाज से मुक्त होना होगा। वक्त आ गया है जब भाजपा के प्रति पैदा किए गए भय भ्रम के गटर पर भरोसे का शटर लगाया जाए। छद्म सेक्युलर सिंडिकेट के सांप्रदायिक संक्रमण से सावधान रहना होगा। बिना जनाधार के जागीरदारी की जंग में भाजपा को खलनायक बनाने के हुड़दंग में लगे लोग मुसलमानों को मुख्यधारा की राजनीतिक भागीदारी की नकारात्मक नाकेबंदी में जुटे हैं।

    वक्फ कानून किसी मजहब के लिए नहीं मुल्क के लिए है

    वक्फ कानून के संदर्भ में पूर्व मंत्री ने कहा, समावेशी सुधार पर सांप्रदायिक वार करने वाली लूट की लम्पट लाबी लामबंदी कर रही है। संवैधानिक कानून पर काल्पनिक भ्रम फैला रही है। वक्फ संशोधन कानून धार्मिक आस्था के संरक्षण और प्रशासनिक व्यवस्था के सुधार की सोच से भरपूर है। यह कानून किसी मज़हब के लिए नहीं बल्कि मुल्क के लिए है। यह संवैधानिक संरक्षण, प्रशासनिक व्यवस्था के सुधार की गारंटी है। भारत की पंथनिरपेक्षता संवैधानिक बाध्यता नहीं बहुसंख्यकों की संस्कारित प्रतिबद्धता का नतीजा है। मूल संविधान में न तो धर्मनिरपेक्षता न समाजवाद के शब्द थे फिर भी हिंदुस्तान हमेशा पंथनिरपेक्ष और समाजवादी रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव पर बोले, जनगणना से पहले मतगणना पर सवाल और बवाल करने वाले समझ चुके हैं कि इस बार फिर उनका जुगाड़ का जमघट जनादेश के पनघट पर चित होने वाला है।