माघ मेला 2027: श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर बिजली, शिविरों में 10 हजार अतिरिक्त कनेक्शन लगाए जाएंगे; जगमगाएगा मेला क्षेत्र
माघ मेला 2027 के लिए प्रयागराज में बिजली व्यवस्था को 10% बढ़ाया जाएगा, जिसमें शिविरों में 10 हजार अतिरिक्त कनेक्शन दिए जाएंगे। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने भूमि पूजन कर तैयारी शुरू कर दी है।
HighLights
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने माघ मेला क्षेत्र में भूमि पूजन किया
मेला क्षेत्र में 29 सब स्टेशन, 23120 बिजली पोल व 27500 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी
मेला क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों-सूचनाओं के लिए क्यूआर कोड को स्कैन की सुविधा भी रहेगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला 2027 को लेकर उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने माघ मेला क्षेत्र में भूमि पूजन किया। श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए पिछले मेले के मुकाबले इस बार बिजली व्यवस्था में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
पिछले माघ मेले में 25 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें थीं
प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र में 29 सब स्टेशन बनाए जाएंगे। 23,120 बिजली के पोल लगेंगे । मेला क्षेत्र में 27,500 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। पिछले माघ मेले में 25 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, जिन्हें इस बार बढ़ाकर 27,500 किया जा रहा है।
शिविरों में बिजली कनेक्शन 10 हजार बढ़ाए जाएंगे
इसी तरह बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट की संख्या 28 से बढ़ाकर 32 कर दी गई है। शिविरों में बिजली कनेक्शन की संख्या भी पिछले मेले के 66,220 के मुकाबले करीब 10 हजार बढ़ाई जाएगी, ताकि सभी शिविरों तक पर्याप्त बिजली पहुंचाई जा सके। सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटों की संख्या भी 500 से बढ़ाकर 600 की जा रही है।
25 दिसंबर तक मेला क्षेत्र के सभी कार्य पूरे होंगे
उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर तक मेला क्षेत्र के सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि जरूरत पड़ने पर 31 दिसंबर तक भी कार्य होगा। भूमि पूजन में मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता केके सारस्वत, अधिशासी अभियंता मेला अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद है।
फीडरों पर लगाए जाएंगे आरएमयू
प्रबंध निदेशक संदीप कुमार और मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए फीडरों पर आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) लगाए जाएंगे। इससे एक स्थान पर बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल दूसरे स्रोत से बिजली बहाल की जा सकेगी। साथ ही शार्ट सर्किट और आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए एमसीबी लगाने की व्यवस्था भी होगी। मेला क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों और सूचनाओं के लिए क्यूआर कोड की सुविधा भी रहेगी। इसे स्कैन करके श्रद्धालु बिजली विभाग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क कर सकेंगे।
माघ मेला क्षेत्र में यह रहेंगी व्यवस्थाएं
मेला क्षेत्र में 29 सब-स्टेशन बनाए जाएंगे।
बिजली आपूर्ति के लिए 23,120 नए पोल लगाए जाएंगे।
पूरे मेला क्षेत्र में 27,500 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
डीजी सेट की संख्या 28 से बढ़ाकर 32 की जाएगी।
शिविरों में बिजली कनेक्शन की संख्या 66,220 से करीब 10 हजार बढ़ाई जाएगी।
सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटें 500 से बढ़ाकर 600 की जाएंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।