माफिया अशरफ की कुर्क जमीन पर अतीक के फाइनेंसर का कब्जा, बेचने की तैयारी थी; प्रयागराज में तीन पर FIR
माफिया अशरफ की गैंगस्टर एक्ट में कुर्क की गई जमीन पर अतीक के फाइनेंसर मोहम्मद मुस्लिम ने कब्जा कर बाउंड्रीवॉल ...और पढ़ें

माफिया अतीक-अशरफ की मौत के बाद भी इनके गैंग से जुड़े सदस्यों, गुर्गों और करीबियों का आतंक जारी है।
HighLights
माफिया अतीक अहमद व अशरफ के गैंग से जुड़े सदस्यों, गुर्गों और करीबियों का आतंक जारी है
अतीक का गुर्गा और फाइनेंसर मोहम्मद मुस्लिम खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर, कई केस दर्ज हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की मौत भले ही हो गई है लेकिन गैंग से जुड़े सदस्यों, गुर्गों और करीबियों का आतंक जारी है। नया मामला बेहद ही चौंकाने वाला सामने आया है। माफिया अशरफ की जिस जमीन को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया था। उसी जमीन पर अतीक के फाइनेंसर मोहम्मद मुस्लिम ने अपने भाई और साथियों के साथ जबरन कब्जा कर लिया।
एयरपोर्ट थाना पुलिस मामले की कर रही जांच
इतना ही नहीं जब्त की गई जमीन पर बाउंड्रीवॉल खड़ा करके बेचने की तैयारी भी शुरू कर दी गई। इसी बीच अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। इसके बाद राजस्व लेखपाल की तहरीर पर मोहम्मद मुस्लिम, उसके भाई नसरत और आफताब अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एयरपोर्ट थाने की पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
दो वर्ष पूर्व अशरफ की जमीन को किया था कुर्क
माफिया अतीक का गुर्गा और फाइनेंसर मोहम्मद मुस्लिम मौजूदा समय में लखनऊ में रह रहा है। वह मूल रूप से चकिया मोहल्ले का निवासी है। वह खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दो वर्ष पूर्व माफिया अशरफ की जमीन को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत कुर्क किया गया था।
जमीन की प्लाटिंग कर बेचने की योजना थी
हाल ही में पता चला कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित उस जमीन पर मोहम्मद मुस्लिम अपने भाई और करीबियों के साथ मिलकर कब्जा कर लिया है। प्लाटिंग करके बेचने की नीयत से बाउंड्रीवॉल भी बना दिया है। शिकायत पर पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने संज्ञान लिया। इसके बाद संयुक्त टीम ने बुलडोजर लगाकर बाउंड्रीवाल को ढहा दिया। रविवार देर रात एयरपोर्ट पुलिस ने राजस्व लेखपाल मनीष कुमार की तहरीर पर मोहम्मद मुस्लिम समेत तीन लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा कायम किया।
प्रशासक थाना प्रभारी तो कब्जा कैसे हो रहा?
चौंकाने वाली बात यह है कि गैंगस्टर एक्ट में कुर्क की गई प्रॉपर्टी की देखरेख के लिए थाना प्रभारी को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसके बावजूद कुर्क की गई जमीन पर माफिया अतीक के गुर्गे आखिरकार कैसे कब्ज़ा कर ले रहे हैं? इस पर न केवल सवाल उठ रहा है, बल्कि पुलिस और माफिया गैंग से मिलीभगत के भी संकेत मिल रहे हैं। इससे पहले भी अतीक के रिश्तेदार जीशान उर्फ जानू समेत कई के खिलाफ मुकदमा लिखा गया लेकिन किसी में मुकदमे में आरोप पत्र पुलिस दाखिल नहीं कर सकी है।
निलंबित हो चुका है थानेदार
कुर्क जमीन पर ही कब्जा जमाने और फिर प्लाटिंग करके बेचने के मामले में एयरपोर्ट थाने के पूर्व थानेदार अरुण कुमार को निलंबित किया जा चुका है। उसके कार्यकाल के दौरान भी अतीक के ही गुर्गों ने गैंगस्टर एक्ट में कुर्क की गई जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करते हुए बेचने का काम शुरू कर दिया था। वैसा ही कुछ एक बार फिर से एयरपोर्ट क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।
