Prayagraj News: पेड़ पर चढ़कर बैठा तेंदुआ… गांव में खौफ, अंधेरा होने से लौटी फॉरेस्ट विभाग की टीम
प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे एक तेंदुए को पेड़ पर देखा गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया लेकिन बाढ़ और अंधेरे के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा। आशंका है कि तेंदुआ आस-पास के जंगलों से बाढ़ के कारण पेड़ पर चढ़ गया था। वन विभाग की टीम दिन में तेंदुए को पकड़ने का प्रयास करेगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सरायइनायत थाना क्षेत्र के दक्षिणी कोटवां गांव के सामने गंगा नदी के दो धाराओं के बीच पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ देखा गया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
मौके पर पहुंची फॉरेस्ट की टीम अंधेरा होने और गंगा में अधिक बाढ़ होने से लौट आई। बताया जाता है कि कोटवां,ककरा दुबावल लीलापुर सहित कई गांवों के लोग अपने मवेशी गंगा के दो धाराओं के बीच टापू में रखते हैं और नाव से उन्हें चारा देने जाते हैं।
मंगलवार की शाम दक्षिणी कोटवा के लोग नाव से अपने मवेशियों को चारा देने जा रहे थे, तभी उनकी निगाह एक पेड़ पर पड़ी तो देखा कि तेंदुआ छिपकर बैठा हुआ है। लोग भयभीत होकर वापस लौट गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
कुछ देर बाद फूलपुर रेंजर लक्ष्मीकांत दुबे उनके साथ में फॉरेस्टर विनय सिंह व वीरेंद्र सिंह कुछ गांव के लोगों के साथ नाव से मौके पर पहुंचे अंधेरा होने की वजह से उसको पकड़ा नहीं जा सका।
जिस पेड़ पर तेंदुए को देखा गया, उसके चारों तरफ बाढ़ का पानी फैला हुआ है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुआ आसपास के जंगलों में रहता था। गंगा नदी में दोनों धाराओं में बाढ़ होने की वजह से पेड़ का सहारा लिया था।
लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले गंगा के दोनों धाराओं के बीच घने जंगल में देखा गया था।रेंजर लक्ष्मीकांत दुबे ने बताया कि चारों तरफ पानी काफी है। अंधेरा होने की वजह से दिखाई नहीं दे रहा है। दिन में प्रयास किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।