सिक्स लेन पुल का तेजी से पूरा करें निर्माण, 25 दिसंबर को होगा उद्घाटन; केशव मौर्य ने कार्यदायी संस्था को दी सख्त हिदायद
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में गंगा पर बन रहे सिक्स लेन पुल के निर्माण में देरी पर ...और पढ़ें

प्रयागराज सिक्स लेन पुल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से पूछताछ करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। जागरण
HighLights
उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के बहुप्रतीक्षित सिक्स लेन पुल का सोमवार को किया निरीक्षण
कार्रदायी संस्था ने किया दावा- 30 नवंबर से पुल के एक लेन पर शुरू हो जाएगा आवागमन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगा पर बन रहे बहु प्रतीक्षित सिक्स लेन पुल के निर्माण में हो रही देरी पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुल निर्माण में पहले ही काफी विलंब हो चुका है। अब कार्य में तेजी लाकर हर हाल में 25 दिसंबर से पहले इसे पूरा किया जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केशव मौर्य ने 20 मिनट पुल का किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सोमवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ पुल का निरीक्षण किया। करीब 20 मिनट तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई)/सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों और निर्माण कंपनी को समय सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा को डिवाइडर पर 4 मी. ऊंची जाली लगाने को कहा
डिप्टी सीएम ने पुल पर आवागमन के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। निर्देश दिया कि डिवाइडर पर चार मीटर ऊंची जाली लगाई जाए, जिससे लोग सुरक्षित रहें और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने निर्माण से जुड़े अधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
अयोध्या-लखनऊ जाना आसान, जाम से छुटकारा मिलेगा
गंगा पर बन रहे इस सिक्स लेन पुल के शुरू होने से शहर के यातायात को बड़ी राहत मिलेगी। अयोध्या और लखनऊ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को फाफामऊ और तेलियरगंज में लगने वाले जाम से काफी हद तक छुटकारा मिल सकेगा। योजना के तहत 30 नवंबर से पुल की एक लेन पर आवागमन शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद 25 दिसंबर को पुल का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
करीब 10 मीटर लंबा है सिक्स लेन पुल
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से स्टेनली रोड स्थित कलश चौराहे से मलाक हरहर तक इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है। फरवरी 2021 में शुरू हुई परियोजना पर अब तक 1947 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। करीब 9.800 किलोमीटर लंबे इस पुल के लिए 67 पिलर तैयार किए गए हैं। निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है।
शेष काम एक माह में पूरा हो जाएगा : परवेज सुल्तान
एसपी सिंगला कंस्ट्रक्संश प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर परवेज सुल्तान ने बताया कि पुल का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम भी एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।