पं. जवाहरलाल नेहरू: इलाहाबाद में राजनीति का ककहरा सीखा, फूलपुर सीट से जीत कर प्रधानमंत्री पद पर हुए आसीन
पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में राजनीति की शुरुआत की, जहाँ वे नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे। ...और पढ़ें

पं. जवाहरलाल नेहरू की फाइल फोटो। जागरण आर्काइव
HighLights
अप्रैल 1923 से जनवरी 1925 तक इलाहाबाद नगर पालिका बोर्ड के अध्यक्ष रहे
पंडित नेहरू ने नगर पालिका में निर्वाचन संबंधी सुधार के लिए किए कई प्रयास
सिफारिशी संस्कृति पर जताईथी नाराजगी, सख्ती से रोक लगाने के पक्षधर थे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पं. जवाहर लाल नेहरू और इलाहाबाद (अब प्रयागराज) का गहरा नाता रहा है। जन्म के साथ यहीं उन्होंने राजनीति का ककहरा सीखा। इसी जनपद की फूलपुर सीट से जीत कर वह देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचे और प्रधानमंत्री पद पर आसीन हुए। इससे पहले वह अप्रैल 1923 से जनवरी 1925 तक इलाहाबाद नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष रहे। शहर की सफाई, नगर नियोजन के साथ चुनाव संबंधी सुधार भी लाने का प्रयास किया। उस समय वह संयुक्त प्रांत की कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी थे।
पंडित जवाहरलाल नेहरू
जन्म - 14 नवंबर 1889
मृत्यु - 27 मई 1964
‘मैं इस सिफारिशी संस्कृति से आजिज आ चुका हूं...'
नगरपालिका बोर्ड का अध्यक्ष बनने के बाद पंडित नेहरू को नौकरी व अन्य सुविधाओं के लिए सिफारिशों का भी सामना करना पड़ता था। इस संदर्भ में सेलेक्टेड वर्क्स ऑफ जवाहरलाल नेहरू पुस्तक में उन्होंने लिखा कि ‘मैं इस सिफारिशी संस्कृति से आजिज आ चुका हूं और मुझे लगता है कि नौकरी या ऐसे दूसरे कामों के लिए सिफारिश करने पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए और ऐसे उम्मीदवारों को हतोत्साहित किया जाना चाहिए।’ उन्होंने बोर्ड के सभी विभागों के प्रमुखों से पूरी जिम्मेदारी लेने और दायित्वों का सम्यक निर्वहन करने की सख्त हिदायत दी।
नगर पालिका चुनाव में सुधार को भी किया प्रयास
नगर पालिका के चुनाव में सुधार के लिए भी उन्होंने प्रयास किया। उन्होंने एक ही वार्ड में एक से अधिक सीटों की व्यवस्था को खत्म करने की बात कही थी। चुनाव में प्रत्येक प्रत्याशी के लिए अलग बैलेट बाक्स हो या हर प्रत्याशी को एक चुनाव चिह्न आवंटित किया जाए, इस मसले पर अन्य देशों का उदाहरण देकर समझाने का प्रयास किया।
... उनकी जमानत जब्त कर ली जाए
समानुपातिक प्रतिनिधित्व की भी उन्होंने चर्चा की लेकिन उस व्यवस्था को अमल में लाने के लिए साक्षरता के स्तर को और बेहतर करने पर उनका जोर था। बूथवार खड़े होने वाले प्रत्याशियों की संख्या को सीमित रखने के लिए उन्होंने 50 रुपये की जमानत राशि निर्धारित करने की बात कही। यह भी कहा कि जो प्रत्याशी एक निश्चित संख्या में मत हासिल न कर सके, उनकी जमानत जब्त कर ली जाए।
आनंद भवन और स्वराज भवन उनके परिवार की पहचान
पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्म संगम नगरी में हुआ। आनंद भवन और स्वराज भवन उनके परिवार की पहचान है। आज भी इसे लोग देखने जाते हैं। यह कभी स्वतंत्रता आंदोलन का केंद्र हुआ करता था। एजुकेटर स्मिता के अनुसार शनिवार को यहां बड़ी संख्य में लोग बाल दिवस मनाने एकत्र हुए। कांग्रेस जन भी पं. नेहरू को नमन करने के लिए पहुंचे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।