बाल दिवस: स्कूलों में बच्चों ने मस्ती की, बाल मेला व प्रतियोगिताएं हुईं; खेल और गाने-तराने का भी चला दौर
प्रयागराज के स्कूलों में चाचा नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने बाल ...और पढ़ें

बाल दिवस पर प्रयागराज के सेंट जोसेफ कॉलेज में खुशी में झूमते विद्यार्थी। जागरण
HighLights
बाल दिवस पर प्रयागराज के स्कूल-कॉलेजों में उल्लास और उमंग की रही बहार
स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को गुलाब का फूल देकर उनसे स्नेह जताया
जागरण संवाददात, प्रयागराज। पढ़ाई तो स्कूल में रोज होती है, चलो आज मस्ती हो जाए। मनोरंजक प्रतियोगिताएं, खेल और देश प्रेम से ओतप्रोत गाने-तराने का भी दौर चला। बाल मेले में तरह-तरह के स्वादिष्ट आइटमों का भी स्वाद लिया। शनिवार को विभिन्न स्कूलों में पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू का जन्म दिवस बाल दिवस के रूप में मनाया गया तो बच्चों का उल्लास कुछ इसी तरह से फूलों जैसा खिला।
कैंट हाईस्कूल में बाल मेला में खानपान के लगे स्टॉल
शिक्षकों ने भी भरपूर उत्साह से बच्चों के साथ खुशी मनाई। छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा, रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कई स्कूलों में प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चाें ने शिक्षकों को गुलाब का फूल देकर उनसे स्नेह जताया। कैंट हाईस्कूल न्यू कैंट में बाल मेला का आयोजन किया गया। खानपान के स्टॉल लगे। खेल और मनोरंजक गतिविधियां हुईं। तमाम शिक्षिकाओं ने स्टाल पर ही फास्ट फूड, जलेबी, पकौड़ियां और अन्य आइटम बनाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
चाचा नेहरू पर निबंध सुनाकर शिक्षकों का दिल जीता
मम्मी-पापा अथवा चाचा के साथ पहुंचे बच्चों ने स्टालों पर पहुंचकर मनपसंद सामग्री खरीदी। शिक्षिका रेखा मिश्रा, अनीता सिंह समेत अन्य ने बाल दिवस मनाने का उद्देश्य बताया। कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और संस्कारों पर ध्यान देना हम शिक्षकों का दायित्व है। बच्चों ने कविताएं सुनाईं और चाचा नेहरू पर निबंध सुनाकर शिक्षकों का दिल जीत लिया।
सेंट जोसेफ कॉलेज में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी
सेंट जोसेफ कॉलेज में बाल मेला और प्रतियोगिताओं के माध्यम से बाल दिवस मनाया गया। समारोह की मिस्ट्रेस ए. थामस ने असेंबली में विद्यार्थियों का स्वागत किया। टी. एल्बर्ट और एजे डिक्रूज ने प्रार्थना कराई। बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। स्कूल की को-आर्डिनेटर मिस ज्योति दुबे ने प्रिंसिपल फादर वाल्टर डीसिल्वा और हिंदी के प्रवक्ता मनोज सिंह की उपस्थिति में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए बच्चों के समूह को आमंत्रित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल में खुशियों की बहार रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।