अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, 1.50 लाख रुपये मानदेय पर कोच बनने का सुनहरा अवसर
उप्र खेल निदेशालय अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की नियुक्ति करेगा, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। प्रयागराज के मदन ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के स्पोर्ट्स हॉस्टल में अंतर्राष्ट्रीय कोच बनने पर डेढ़ लाख रुपये मानदेय का अवसर मिलेगा।
HighLights
उप्र खेल निदेशालय अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की नियुक्ति करके खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिलाएगा
प्रयागराज के MMM स्टेडियम के एथलेटिक्स छात्रावास, म्योहाल के वालीबाल हाॅस्टल में भी विशेषज्ञ होंगे तैनात
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। खेल प्रतिभाओं के लिए एक अच्छी खबर है है। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के विभिन्न खेल छात्रावासों में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों (कोच) की नियुक्ति की जाएगी। इस योजना के तहत प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम स्थित एथलेटिक्स छात्रावास और अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स (म्योहाल) स्थित वालीबाल हास्टल में भी विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी। चुने गए अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों को 1.50 लाख रुपये प्रति माह का आकर्षक मानदेय दिया जाएगा।
प्रयागराज के इन सेंटर्स पर रहेगी नजर
क्षेत्रीय खेल कार्यालय, प्रयागराज मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रदेश के 35 आवासीय छात्रावासों के लिए कुल 41 प्रशिक्षकों का चयन होना है। प्रयागराज के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए खुशी की बात यह है कि एथलेटिक्स छात्रावास के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट कोच की नियुक्ति से स्थानीय धावकों को ओलंपिक स्तर की बारीकियां सीखने को मिलेगी। वहीं, अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में तैनात होने वाले कोच वालीबाल की नई पीढ़ी को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करेंगे।
15 खेलों के लिए निकाली गई है भर्ती
यह भर्ती कुल 15 खेलों के लिए है, जिनमें हाकी, तैराकी, वालीबाल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाल, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, बास्केटबाल, कबड्डी, कुश्ती, बाक्सिंग, हैंडबाल और जूडो शामिल हैं।
पात्रता और आवेदन की मुख्य शर्तें
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि शैक्षिक योग्यता के तहतअभ्यर्थी का न्यूनतम स्नातक होना अनिवार्य है। खेल योग्यता के तहत उम्मीदवार ने पिछले चार वर्षों में ओलंपिक, कामनवेल्थ, एशियन गेम्स या वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे बड़े आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। विशेष सम्मान के तहत पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार या द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं को वरीयता दी जाएगी।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक और पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपना आवेदन पत्र क्षेत्रीय खेल कार्यालय, मदन मोहन मालवीय स्टेडियम, प्रयागराज से प्राप्त कर सकते हैं।
अंतिम तिथि : सभी शैक्षिक और खेल प्रमाण-पत्रों की स्व-प्रमाणित प्रतियों के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल, 2026 है।
समय : आवेदन कार्यालय समय के भीतर सीधे स्टेडियम स्थित कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक सीखने का मौका
यह पहल प्रयागराज के खेल बुनियादी ढांचे को वैश्विक पहचान दिलाने और स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। जब वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके खिलाड़ी बतौर कोच ट्रेनिंग देंगे तो निश्चित तौर पर इसका बदलाव खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दिखाई पड़ेगा।
