विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहिया निकलने से अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली, पीछे से आ रहे ट्रेलर ने ठोका, बोनट पर बैठे मजदूर की दर्दनाक मौत

By Adarsh Kumar Srivastava Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 31 Mar 2026 12:52 PM (GMT+05:30)

कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया निकलने से अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रहे ट्रेलर ...और पढ़ें

कौशांबी के कोखराज में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली और ट्रेलर के पास जुटी भीड़ व पुलिस। जागरण

कौशांबी के कोखराज में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली और ट्रेलर के पास जुटी भीड़ व पुलिस। जागरण

HighLights

  1. कौशांबी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में हादसा

  2. ट्रैक्टर-ट्राली चालक समेत दो लोग हादसे में घायल

संसू, जागरण, टेढ़ीमोड़ (कौशांबी)। कोखराज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। टेढ़ीमोड़ ओवरब्रिज पर ईंट लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली के टायर का बुश टूटने से पहिया निकल गया। इससे वाहन असंतुलित हो गया और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली की बोनट पर बैठे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

कड़ा धाम निवासी था मजदूर मनोज

बताया जाता है कि कड़ा धाम थाना क्षेत्र के सौंरई बुजुर्ग निवासी 32 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र राम अवतार ट्रैक्टर की बोनट पर बैठकर चालक काकू पटेल पुत्र ओंकारनाथ, निवासी अंतू का पूरा देवीगंज के साथ ट्रॉली में इंटरलॉकिंग ईंट लादकर मूरतगंज की ओर जा रहा था। टेढ़ीमोड़ हाईवे ओवरब्रिज पर अचानक टायर का बुश टूटने से ट्रॉली का पहिया निकल गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया।

 ट्रेलर चालक भी गंभीर

इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मारा। टक्कर लगते ही मनोज कुमार सड़क पर गिर गया और ट्रेलर की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय मंझनपुर भेजा गया है। वहीं ट्रैक्टर चालक काकू पटेल को हल्की चोटें आई हैं।

मार्ग पर कुछ देर के लिए लगा जाम

दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल डायवर्जन कर वाहनों को साइड मार्ग से निकलवाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली व ट्रेलर को क्रेन की मदद से हटवाया गया, तब जाकर मार्ग सुचारू हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। मृतक मनोज कुमार के परिवार में पत्नी रेखा देवी व दो मासूम पुत्र ऋषि (7 वर्ष) और रिवांश (3 वर्ष) हैं। सूचना मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया। वहीं ट्रेलर चालक का नाम पता नहीं चल पाया है।

यह मार्ग हादसे का हॉटस्पाट बन गया है

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर डोरमा के समीप हाल ही में हुए हादसे का जख्म अभी भरा भी नहीं था कि एक बार फिर वैसी ही घटना सामने आ गई। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद उस समय सीसी (कंट्रोल/चेकिंग) टीम का गठन भी किया गया था, लेकिन वर्तमान घटना में वह टीम कहीं नजर नहीं आई। ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और वाहनों की अनियमितता के चलते यह मार्ग हादसों का हॉटस्पाट बनता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।