दीवाली पर यात्रा मुश्किल: ट्रेन-फ्लाइट के बाद अब बसों में भी 'नो रूम', निजी वोल्वो व स्लीपर में किराया दोगुना
दीपावली पर प्रयागराज आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि ट्रेन और फ्लाइट के ...और पढ़ें

दीवाली के आसपास वोल्वो बसों की ऑनलाइन आरक्षित सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। एआई फोटो
HighLights
धनतेरस पर छह व सात नवंबर की सीटें एडवांस में फुल, मनमाना वसूली
दीवाली पर 1200 का बस टिकट 2500 तक पहुंचा, गद्दा रख बनाई सीट
दिल्ली, लखनऊ, कानपुर-भोपाल से प्रयागराज के लिए बसों में एडवांस सीटें फुल
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दीपावली पर लंबी दूरी की ट्रेनों में 200 से अधिक वेटिंग, 50 से अधिक ट्रेनों में रिग्रेट और विमानों के 23 से 27 हजार रुपये तक पहुंचे मनमाने किराए के बाद बसों में भी नो रूम हो गया है। छह और सात नवंबर को दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, कानपुर और भोपाल से प्रयागराज आने वाली निजी वोल्वो व स्लीपर बसों में एडवांस सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं।
6 व 7 नवंबर को अधिक डिमांड
ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग प्लेटफार्मों और सिविल लाइंस स्थित ट्रैवल्स काउंटरों पर छह और सात नवंबर को किराया दोगुना कर दिया गया है। सामान्य दिनों में दिल्ली-नोएडा से प्रयागराज का एसी स्लीपर किराया 1,100 से 1,400 रुपये होता है, जो इन दो तारीखों के लिए 2,400 से 3,000 रुपये तक पहुंच गया है।
बसों की गैलरी में गद्दे व स्टूल लगाकर वसूली
लखनऊ-कानपुर रूट पर भी 300 रुपये का किराया बढ़ाकर 600 से 800 रुपये तक वसूला जा रहा है। स्लीपर केबिनों में क्षमता से अधिक सवारियां भरी जा रही हैं और बसों की गैलरी में गद्दे व स्टूल लगाकर प्रति व्यक्ति 1,000 से 1,200 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। रात और भोर के समय तेलियरगंज, बालसन, बैरहना, अंदावा बाईपास और नवाबगंज हाईवे पर सवारियों को बीच सड़क पर उतारा जा रहा है।
यात्रियों का त्योहार बजट गड़बड़ाया
नोएडा में कार्यरत राजरूप के रहने वाले अखिलेश मिश्र बताते हैं 'ट्रेन में तत्काल का प्रयास किया लेकिन सेकंडों में टिकट खत्म हो गए। सोचा था कि निजी बस से घर चला जाऊंगा, लेकिन जो टिकट 1200 रुपये का मिलता था, वह अब 2600 रुपये का दिख रहा है। परिवार के तीन सदस्यों के टिकट में पूरा दिवाली का बजट ही बिगड़ गया।'
रोडवेज की जनरथ-वोल्वो बसों की भी सीटें आरक्षित
रोडवेज ने अतिरिक्त फेरे संचालित करने की घोषणा की है, लेकिन छह व सात नवंबर के लिए प्रयागराज आने वाली जनरथ और वोल्वो सेवाओं की ऑनलाइन आरक्षित सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। अब सारा दारोमदार सिविल लाइंस और जीरो रोड डिपो से संचालित होने वाली साधारण (जनरल) बसों पर रहेगा।
बाक्स : किराए का गणित - जेब पर कितना अतिरिक्त बोझ?
- रूट (आगमन) - सामान्य किराया (निजी एसी/स्लीपर) - छह-सात नवंबर का किराया - बढ़ोतरी का स्तर -
- दिल्ली/नोएडा से प्रयागराज - 1,200 – 1,400 - 2,400 – 3,200 - दोगुना से अधिक -
- जयपुर से प्रयागराज - 1,400 – 1,600 - 2,600 – 3,000 - लगभग 1.8 गुना -
- इंदौर/भोपाल से प्रयागराज - 1,300 – 1,500 - 2,200 – 2,800 - लगभग 1.7 गुना -
- लखनऊ से प्रयागराज - 300 – 400 - 600 – 850 - दोगुना
डग्गामार बसों में ओवरलोडिंग की निगरानी के लिए सचल दल तैनात किए जा रहे हैं, चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त किराया वसूलने या परमिट शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर बस को तत्काल सीज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- एसपी सिंह, आरटीओ प्रवर्तन।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।