D.El.Ed 2025 : डीएलएड में प्रवेश एवं संस्थान का विकल्प भरने की समय सारिणी जारी, इस वेबसाइट पर Choice भरें अभ्यर्थी
D.El.Ed 2025 में प्रवेश के लिए समय सारिणी जारी कर दी गई है। 1,24,230 आवेदकों की स्टेट रैंक 8 जनवरी ...और पढ़ें

D.El.Ed 2025 डीएलएड का प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, अभ्यर्थी विवरण यहां देखें।
HighLights
सभी 1,24,230 आवेदकों की स्टेट रैंक आठ जनवरी को वेबसाइट पर की जाएगी प्रकाशित
स्टेट रैंक के आधार पर प्रथम चरण में 12 जनवरी से आनलाइन भरे जा सकेंगे विकल्प
प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए अनिवार्य है डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन यानी डीएलएड
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। D.El.Ed 2025 प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए अनिवार्य डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed 2025) में प्रवेश के लिए संस्थान के विकल्प वेबसाइट updeled.gov.in के माध्यम से भरे जाएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव की ओर से रजिस्ट्रार विपेन्द्र सिंह ने बुधवार को समय सारिणी जारी कर दी है।
12 जनवरी से संस्थान का विकल्प भर सकेंगे अभ्यर्थी
D.El.Ed 2025 प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। आवेदन करने वाले सभी 1,24,230 अभ्यर्थी पहले चरण में स्टेट रैंक के आधार पर 12 जनवरी से संस्थान का विकल्प भर सकेंगे। स्टेट रैंक आठ जनवरी को वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
15 जनवरी को कालेज/संस्थान आवंटित किया जाएगा
D.El.Ed 2025 स्टेट रैंक एक से 20,000 तक के अभ्यर्थी 12 जनवरी से 14 जनवरी तक संस्थान का विकल्प चुन सकेंगे, जिन्हें 15 जनवरी को कालेज/संस्थान आवंटित किया जाएगा। रैंक 20,001 से 70,000 तक के अभ्यर्थी 15 जनवरी शाम से 18 जनवरी तक विकल्प भरेंगे, जिन्हें संस्थान 19 को आवंटित होगा। इस अवधि में रैंक 20,000 तक विकल्प न भर पाने वाले व जिन्हें संस्थान आवंटित न हुआ हो, वह अभ्यर्थी भी विकल्प भर सकेंगे।
दूसरे चरण में नौ फरवरी को आवंटित होगा संस्थान
D.El.Ed 2025 इसके बाद 19 जनवरी शाम से 22 तक रैंक 70,001 से 1,24,230 तक के आवेदक संस्थान चुनेंगे। इन्हें 23 जनवरी को संस्थान आवंटित होगा। यह सभी 17 से 30 जनवरी शाम पांच बजे तक प्रवेश ले सकेंगे। दूसरे चरण में पांच फरवरी शाम से आठ फरवरी तक अन्य राज्य के आवेदक अभ्यर्थी तथा आरक्षित श्रेणियों के प्रवेश न पाने वाले उत्तर प्रदेश के निवासी भी संस्थान का विकल्प चुन सकेंगे, जिन्हें संस्थान नौ फरवरी को आवंटित किया जाएगा।
रिक्त सीटों पर 13 फरवरी को कालेज आवंटन होगा
D.El.Ed 2025 इसी तरह नौ फरवरी शाम से 12 फरवरी तक सभी आवेदकों को अवसर देने के बाद आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर रिक्त सीटों को अनारक्षित में परिवर्तित कर 13 फरवरी को कालेज आवंटित किया जाएगा। यह अभ्यर्थी 11 से 21 फरवरी शाम पांच बजे तक प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को समस्त अभिलेखों के साथ कालेज में उपस्थित होना होगा। शुल्क सहित प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देश पढ़ने की सलाह दी गई है, क्योंकि शुल्क वापसी नहीं की जाएगी।
सभी आवेदकों के प्रवेश लेने पर भी खाली रहेंगी सीटें
प्रदेश के 66 डायट, एक सीटीई कालेज वाराणसी, 3046 निजी संस्थान एवं 258 अल्पसंख्यक संस्थानों को मिलाकर कुल 2,39,500 सीटों पर प्रवेश के लिए सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने आवेदन लिए हैं। कुल 1,24,230 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इस तरह यदि सभी अभ्यर्थी प्रवेश लेंगे, तब भी 1,15,250 सीटें खाली रह जाएंगी, हालांकि मनपसंद जिले में कालेज नहीं मिलने पर कई अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेते हैं।
