प्रयागराज के गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का उठा हिलोर, 'दैनिक जागरण देव दीपावली' में उमड़ा जनसमूह
प्रयागराज के रामघाट पर 'दैनिक जागरण देव दीपावली' का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। गंगा आरती, रंगोली प्रतियोगिता और दीपोत्सव में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और जनसमूह ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रयागराज में राम घाट पर श्री हरिहर गंगा आरती समिति स्थल पर दैनिक जागरण के देव दीपावली आयोजन पर गंगा आरती में शामिल श्रद्धालु।-जागरण
HighLights
रामघाट पर हुआ भव्य आयोजन, छात्राओं ने रंगोली से सजाया घाट
बीसीएस नैनी को मिला आकर्षक रंगोली बनाने में प्रथम पुरस्कार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। श्रद्धा और भक्ति के साथ ही सनातन से जुड़ाव का अनूठा अनुभव, मां गंगा की आरती और साथ में भजनों की प्रस्तुति ने रामघाट पर मनोरम छटा बिखेरी। 'दैनिक जागरण देव दीपावली' में सहभागिता के लिए हर कोई उमड़ पड़ा। छात्र-छात्राएं, शिक्षक, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस और सैन्य कर्मी। मंगलवार की शाम कुछ अनोखी थी, जिसमें उपरोक्त सभी वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। मां गंगा की आरती से पहले छात्राओं ने रंगोली बनाकर घाट का शृंगार किया।
इन अतिथियों की रही उपस्थिति
हरिहर गंगा आरती समिति ने भी जागरण परिवार को सहयोग देते हुए व्यवस्थाएं पूर्ण कराईं। मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, नगर आयुक्त साईं तेजा, बिशप कान्वेंट स्कूल नैनी के निदेशक संजयक पाठक समेत अन्य अतिथियों ने शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अध्यक्षता ब्रिगेडियर आशीष रंजन ने की। उनकी पत्नी रिमझिम रंजन भी प्रमुख रूप से शामिल हुईं।

भव्य दीपोत्सव ने मन मोहा
दैनिक जागरण की ओर से देव दीपावली पर रंगोली व दीपदान का आयोजन हर साल कराया जाता है। इस बार भी परंपरा का निर्वहन करते हुए भव्य दीपोत्सव कराया गया। संगम के निकट रामघाट पर विभिन्न स्कूलों से आईं छात्राओं ने रंगोली बनाई। बीबीएस स्कूल एंड कालेज शिवकुटी, पीएन भट्ट बाल विद्या मंदिर शिवकुटी, बिशप कान्वेंट स्कूल नैनी, श्री नारायण बालिका इंटर कालेज, श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल शिवकुटी की छात्राओं ने रंगोली बनाई। इनकी थीम अलग-अलग थी।

रंगोली विजेता को 5100 का नकद पुरस्कार
आयोजन की समाप्ति पर इन्हें पुरस्कार भी दिए गए। निर्णायकों में अल्का पाठक और रुचि मिश्रा ने सभी टीमों के द्वारा बनाई गई रंगाेली का परीक्षण किया। इसके बाद बिशप कान्वेंट स्कूल की टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये, बीबीएस स्कूल एंड कालेज की टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3100 और पीएन भट्ट बाल विद्या मंदिर की टीम को तृतीय स्थान पर विजेता के रूप में 2100 रुपये पुरस्कार दिए। इन सभी को अतिथियों ने मंच पर पुरस्कृत किया।
राज्य सभा सदस्य राधाकांत ओझा ने दी बधाई
इस अवसर पर राज्य सभा सदस्य राधाकांत ओझा ने आयोजन को भव्य बताते हुए दैनिक जागरण व हरिहर गंगा आरती समिति को कोटि-कोटि बधाई दी। उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि मां गंगा सभी की मनोकामना पूर्ण करें। नगर आयुक्त ने भी दैनिक जागरण के आयोजन की सरोहना की। बिशप कान्वेंट स्कूल के निदेशक ने भी आयोजन को बेहतर बताया।
जय गणेश-जय गणेश देव पर झूम उठे श्रद्धालु
मां गंगा की आरती शाम छह बजे शुरू हुई। हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से पुजारी शैलेंद्र शुक्ला, जितेंद्र त्रिपाठी, लवलेश त्रिपाठी, चंद्रभूषण तिवारी ने आरती शुरू की तो मुख्य अतिथि राधा कांत ओझा, ब्रिगेडियर आशीष रंजन समेत अन्य अतिथि भी शामिल रहे। इस दौरान जय गणेश-जय गणेश देवा.... श्रीमन नारायण नारायण हरि-हरि, भजन की प्रस्तुति पर उपस्थित जनसमूह मुग्ध रहा। जो जहां थे वहीं पर तालियां बजाते हुए भजन गुनगुनाने लगे। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग इस अलौकिक क्षण में मं गंगा को नमन करते रहे। हरिहर गंगा आरती समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्रा, महासचिव अवधेश चंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रमोद पांडेय उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।