मीरजापुर चुनार में गंगा के आंगन में दमकी दीपों की आभा, सजा दीयों का चंद्रहार
कार्तिक पूर्णिमा पर चुनार के साहित्य संत धाम घाट पर 51 हजार से अधिक दीपों से देवदीपावली मनाई गई। इस भव्य उत्सव में 30 हजार से अधिक श्रद्धालु उमड़े, जिससे गंगा तट दिव्य आभा से आलोकित हो उठा।

भव्य उत्सव में 30 हजार से अधिक श्रद्धालु उमड़े, जिससे गंगा तट दिव्य आभा से आलोकित हो उठा।
HighLights
दीपों की असंख्य छवियां मनोहारी दृश्य रचती रहीं।
चबूतरे को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
प्रकाश सज्जा ने आयोजन को खास रूप दिया।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। कार्तिक पूर्णिमा की सांझ ढलते ही चुनार के साहित्य संत धाम घाट पर 51 हजार से अधिक दीपों की दीपमाला ने गंगा तट को दिव्य आभा से आलोकित कर दिया। चंद्रमा की शीतल चांदनी, दीपों से जगमगाती घाट की सीढ़ियां, रंग-बिरंगी रोशनियों की सतरंगी छटा और आकाश में चमकती आतिशबाजी के बीच देवदीपावली का उत्सव भव्यता के चरम पर पहुंच गया।
मां जाह्नवी के तट पर दीपदान के इस अनुपम दृश्य को निहारने के लिए करीब 30 हजार श्रद्धालुओं का जनसमुद्र उमड़ पड़ा। गंगा की धारा पर तैरती दीपशिखाओं और घाट पर सजी दीपपंक्तियों के प्रतिबिंब से ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो धरती से आकाश तक प्रकाश का उत्सव उतर आया हो।

चुनार क्लब के तत्वावधान में मौजी जियरा एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित देवदीपावली उत्सव का शुभारंभ पूर्व आईएएस व जननीति भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल, नपा चेयरमैन मंसूर अहमद, समाजसेवी डा. शैलेंद्र सिंह, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी आश्रम चुनार की बीके तारा समेत अन्य अतिथियों द्वारा किए गए दीपदान से हुआ।
दिव्या मित्तल ने कहा कि अंधेरा कितना भी घना हो उजाला करने के लिए सिर्फ एक दीपक ही काफी होता है। यदि अच्छे लोगों की शक्ति संगठित हो तो कोई बुराई रह नहीं सकती। उन्होंने चुनार क्लब के युवाओं के प्रयास, झांकियों और अन्य प्रस्तुतियों की सराहना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर घाट को रोशनी से भर दिया।

सीढ़ियों, घाट के किनारों और गंगा की जलधारा पर दीपों की असंख्य छवियां मनोहारी दृश्य रचती रहीं। दीपों की सुनहरी आभा में घाट का कोना-कोना दमक उठा। घाट पर कलात्मक रंगोलियों, चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश सज्जा ने आयोजन को खास रूप दिया। प्राचीन पीपल वृक्ष और उसके चबूतरे को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
भव्य गंगा आरती में घंटियों की गूंज, आरती के स्वर और मां गंगा की आराधना के बीच घाट देर रात तक आस्था, उल्लास और प्रकाश से सराबोर रहा। आयोजन में चुनार गौरव सम्मान के तहत चुनार के युवाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों और योगदान को प्रोत्साहित किया गया। क्लब के संयोजक सर्वेश सिंह पटेल, मौजी जियरा एसोसिएशन के कुशवाहा दीप मौर्य उर्फ पप्पू बाबाजी, मानस सिंह पटेल, निखिल रावत, वीर प्रताप सिंह, समर्थ सिंह, पुलकित सिंघल आदि व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।