कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कसा तंज, क्या भाजपाइयों को गोली मारने की छूट है, कहां गया योगीजी का बुलडोजर
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय राय गुरुवार दोपहर प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल पहुंचे। वहां भर्ती प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी में पिछले दिनों हुए गोलीकांड में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पंचायत चुनाव पर भी बात कही।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को प्रयागराज आए। इसके बाद वे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (SRN Hospital) पहुंचे। बीते दिनों प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी में हुए गोलीकांड में घायल हुए अरुण मिश्र व आदित्य मिश्र के साथ ही उनके परिवारीजनों से भी मुलाकात की। उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इस दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा के लोग खुलेआम गोली चल रहे हैं, लेकिन सरकार उनके खिलाफ कुछ नहीं कर रही है। न योगी जी का बुलडोजर कहीं दिख रहा है और न ही दोषियों का घर गिराया जा रहा है, क्या भाजपाइयों को गोली मारने की छूट मिली है? आज भाजपाई घर-जमीन कब्जा कर रहे हैं। दलितों व गरीबों को पीट रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो ही है।
उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ कांग्रेस हमेशा आंदोलन करती रही है। आगे भी जनहित में आवाज उठाएंगे। सरकार के अन्याय के खिलाफ कांग्रेस की आवाज हमेशा बुलंद होती रहेगी। पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस ने उसको लेकर जमीनीस्तर पर तैयारी की है। पंचायत चुनाव में कांग्रेस अकेले लड़ेगी और जीतेगी भी। इस पंचायत चुनाव में भाजपा को अपनी स्थिति का एहसास हो जाएगा। जनता अपने वोट से उन्हें सबक सिखाने का मन बना चुकी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।