UPPSC: राज्य अभियंत्रण सेवा भर्ती में बड़ा बदलाव, पहली बार तीन चरणों में होगी परीक्षा प्रक्रिया
यूपीपीएससी ने सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 में प्रारंभिक परीक्षा जोड़ी है। अब भर्ती तीन चरणों- प्रारंभिक (300 अंक) मुख्य परीक्षा (750 अंक) और साक्षात्कार (100 अंक) में होगी। प्रारंभिक परीक्षा में 150 प्रश्न होंगे जो अर्हकारी होगी। 604 पदों के लिए आवेदन 17 जनवरी 2025 तक खुला है। 582 पद सामान्य चयन और 22 विशेष चयन के तहत भरे जाएंगे। आवेदन शुल्क ₹100 (अनारक्षित/ओबीसी) है।

राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2024 में बड़ा बदलाव कर इस बार प्रारंभिक परीक्षा को सम्मिलित किया है। अभी तक लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती होती थी। अब भर्ती प्रक्रिया में तीन चरण- प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा व साक्षात्कार होंगे। भर्ती की अधिसूचना और परीक्षा योजना आयोग ने जारी कर दी।
आयोग के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा का उद्देश्य अर्हता निर्धारित करना है। प्रारंभिक परीक्षा 300 अंकों की होगी। वस्तुतिष्ठ प्रकार के प्रश्नपत्र में 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। हर प्रश्न दो अंकों का होगा। सामान्य ज्ञान और सामान्य हिंदी के 25-25 प्रश्न व इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड के 100 प्रश्न होंगे। समय अवधि दो घंटे है। इसमें सामान्य ज्ञान के समसामयिक घटनाओं, भारत के इतिहास, राजनीति और भूगोल से जुड़े प्रश्न आंएगे।
सामान्य हिंदी में हाईस्कूल स्तर की भाषा समझ और शब्दों के प्रयोग पर आधारित प्रश्न होंगे तथा इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित इंजीनियरिंग के विविध सिद्धांतों से लेकर हरित ऊर्जा, रोबोटिक्स, गुणवत्ता नियंत्रण और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित प्रश्न आएंगे। यह परीक्षा अर्हकारी होगी, जिसमें प्रति पद 15 गुणा अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के होंगे 850 अंक
मुख्य परीक्षा 750 अंको की होगी। इसमें सामान्य हिंदी के लिए 375 और सामान्य अध्ययन के 375 अंक होंगे। इसके लिए समसामयिक घटनाओं, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, भारत के इतिहास, राजनीति और भूगोल पर आधारित गहन अध्ययन की आवश्यकता होगी। तीसरा चरण में ज्ञान, व्यक्तित्व और व्यवहार कौशल की जांच के लिए 100 अंकों का साक्षात्कार होगा। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार 850 अंकों का होगा।
604 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू
सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। नौ विभागों में 604 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 582 पद सामान्य चयन और 22 पद विशेष चयन के तहत भरे जाएंगे। आवेदन 17 जनवरी 2025 तक किए जा सकेंगे। शुल्क 24 जनवरी तक जमा होंगे। सामान्य चयन की रिक्तियों में अनारक्षित 258, एससी 148, एसटी 09, ओबीसी 116, ईडब्ल्यूएस के 51 पद हैं।
अनारक्षित व ओबीसी श्रेणी के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये, एससी-एसटी व भूतपूर्व सैनिक के लिए 40 रुपये तथा दिव्यांग श्रेणी के लिए निश्शुल्क है। आनलाइन प्रक्रिया के तहत 25 रुपये अतिरिक्त शुल्क होगा। आनलाइन आवेदन से पूर्व अभ्यर्थियों के लिए ओटीआर पंजीकरण कर ओटीआर नंबर प्राप्त करना अनिवार्य है।
विभागवार रिक्तियां
सामान्य चयन के पदों में लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 226 पद, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता (यांत्रिक) के 77 पद, जल निगम (ग्रामीण) अभियंता (सिविल) 107 व सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) 14 पद, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहायक अभियंता (सिविल) के 65, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) 40 व सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) आठ पद, कृषि विभाग में 12, ऊर्जा विभाग में सात और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में छह पद हैं। वहीं, विशेष चयन में सिंचाई एवं जल संसाधन निदेशालय में सहायक अभियंता सिविल (ओबीसी-एसटी) 22 पद हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।