Bhai Dooj 2026: द्विग्रही संयोग व अनुराधा नक्षत्र बढ़ाएगा भइया दूज की शुभता, यम द्वितीया पर्व अत्यंत कल्याणकारी
Bhai Dooj 2026 भाई दूज का पर्व द्विग्रही संयोग और अनुराधा नक्षत्र के साथ अत्यंत शुभ होगा। इस दिन यमुना ...और पढ़ें

Bhai Dooj 2026
HighLights
कल मनाया जाएगा भइया दूज का पर्व
सुबह यमुना स्नान का है विशेष महत्व
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Bhai Dooj 2026 भाई-बहन के अटूट स्नेह, समर्पण और आस्था का प्रतीक भइया दूज (यम द्वितीया) पर्व अत्यंत कल्याणकारी और विशेष संयोगों से युक्त है। मंगलवार यानी 10 नवंबर को मनाए जाने वाले यम द्वितीया पर्व में सुबह यमुना स्नान का विशेष महत्व है। यमुना स्नान करके भाई की बलाएं लेकर बहनें उनकी कुशलता की कामना करेंगी। भाई उन्हें उपहार देकर आशीर्वाद लेंगे।
सुबह 9.06 बजे से अनुराधा नक्षत्र का प्रभाव शुरू होगा
पाराशर ज्योतिष संस्थान के निदेशक आचार्य विद्याकांत पांडेय के अनुसार कार्तिक मास के शुक्लपक्ष की द्वितीया तिथि का प्रारंभ मंगलवार की दोपहर 12.38 बजे से हो रहा है। इसके साथ ग्रहों और नक्षत्रों की चाल इस दिन बेहद कल्याणकारी है। सुबह 9.05 बजे तक विशाखा नक्षत्र रहेगा। इसके ठीक बाद सुबह 9.06 बजे से अनुराधा नक्षत्र का प्रभाव शुरू हो जाएगा।
सूर्य व बुद्धि के देवता बुध का तुला राशि में साथ में संचरण
धार्मिक दृष्टिकोण से अनुराधा नक्षत्र में भाई को तिलक करना और उनकी मंगलकामना करना अत्यंत शुभ और फलदायी होता है। भइया दूज पर अंतरिक्ष में ग्रहों के राजा सूर्य और बुद्धि के देवता बुध का तुला राशि में एक साथ संचरण हो रहा है, जिससे द्विग्रही संयोग बन रहा है। इस विशिष्ट द्विग्रही संयोग में बहनें भाई के लिए जो कामना करेंगी वह पूर्ण होगी। इस शुभ योग में की गई पूजा और तिलक से भाई-बहन के जीवन में सुख, समृद्धि और यश की वृद्धि होगी।
बहनें करेंगी भाई की कुशलता की कामना
Bhai Dooj 2026 यम द्वितीया के पावन पर्व पर बहनें यमुना स्नान या घर पर पवित्र स्नान कर यमराज, यमुना और चित्रगुप्त की पूजा करेंगी। इसके बाद शुभ मुहूर्त में भाई को चौकी पर बिठाकर उनका अक्षत, रोली और चंदन से तिलक करेंगी। भाई को सूखा नारियल (गोला) भेंट कर बहनें उनकी लंबी उम्र और कुशलता की कामना करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।