अशोक सिंहल की पुण्यतिथि: गोपूजन के साथ याद किए गए श्री राम मंदिर आंदोलन के सूत्रधार, गो संरक्षण की शपथ
प्रयागराज में विश्व हिंदू परिषद ने अशोक सिंहल की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया, जहां गोपूजन और गो संरक्षण की ...और पढ़ें

केशर भवन में अशोक सिंघल पुण्यतिथि पर चित्र पर माल्यापर्ण के बाद नमन करते महापौर गणेश केसरवानी व अन्य अतिथि। जागरण
HighLights
प्रयागराज में विहिप के प्रांत कार्यालय केशर भवन में किया नमन
विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने दिलाई गो संरक्षण की शपथ
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यालय केशर भवन में श्री राम मंदिर आंदोलन के सूत्रधार रहे अशोक सिंहल को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया गया। प्रांत संगठन मंत्री राजेंद्र ने कहा, सनातन संस्कृति, राष्ट्र सेवा, गो संरक्षण, वेदों के प्रसार, गंगा के निर्मलता जैसे विषय के लिए अशोक सिंहल को हमेशा याद किया जाएगा। उनके विचार और साहस हिंदू समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।
संगठन के प्रांत कार्यालय पर मंगलवार को महापौर गणेश केसरवानी भी रहे। सुंदरकांड में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रांत अध्यक्ष केपी सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, रवींद्र मोहन, अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में झूंसी स्थित गोशाला में संगठन की ओर से गो अष्टमी पर गोपूजन हुआ। गो संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से सभी ने संकल्प लिया। विधि विधान से गायों की पूजा की गई।
पूजन की शुरुआत विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने की। उन्होंने कहा, गो माता के संरक्षण संवर्धन और गो आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए संगठन कई कार्यक्रम चला रहा है। इसमें और तेजी की आवश्यकता है। गो आधारित कृषि, गोबर और गोमूत्र से जैविक खाद्य कीटनाशक बनाने का भी प्रशिक्षण संगठन दे रहा है। जन जागरूकता की दृष्टि से गायों के वैज्ञानिक और पर्यावरण और आर्थिक महत्व से भी समाज को परिचित कराया जा रहा है। इस विषय में संगठन की ओर से गो विज्ञान परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। इस दौरान रामाश्रम शास्त्री महाराज, फलाहारी आश्रम के महंत स्वामी राम रतन दास महाराज, प्रभु दत्त ब्रह्मचारी आश्रम से सियाराम, डा. राज नारायण, सुरेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
अशोक सिंहल सनातन संस्कृति के प्रेरणा पुंज
प्रेरणा पार्क में महापौर गणेश केसरवानी की अगुवाई में भाजपाइयों ने राम भक्त अशोक सिंहल को नमन किया। महापौर ने कहा, श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ अशोक सिंहल ने अपना जीवन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक चेतना के विस्तार के लिए समर्पित कर दिया। विश्व हिंदू परिषद के माध्यम से देशभर के संतों, महात्माओं और रामभक्तों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। वास्तव में वह सनातन संस्कृति के प्रेरणा पुंज थे। इस दौरान प्रमोद मोदी, रुद्र सेन जायसवाल, धीरज गुप्त, गिरि शंकर प्रभाकर, पदुम जायसवाल, राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।