विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमेशा ड्यूटी पर मानकर हत्या जैसी घटना में जिम्मेदार नहीं माने जा सकते पुलिसकर्मी: इलाहाबाद हाई कोर्ट

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:53 AM (IST)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मी को हमेशा ड्यूटी पर माना जाए, फिर भी विवाह भोज में मौजूद चौकी प्रभारी को अगले दिन हुई हत्या के लिए सीधे जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने दारोगा राजकुमार गोस्वामी को दी गई निंदा प्रविष्टि और राज्य लोक सेवा ट्रिब्यूनल का आदेश रद्द कर दिया, यह कहते हुए कि पुलिस सूचना पर ही कार्रवाई कर सकती है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट। जागरण

 इलाहाबाद हाई कोर्ट। जागरण

HighLights

  1. पुलिसकर्मी को हमेशा ड्यूटी पर मानकर हत्या में जिम्मेदार नहीं।

  2. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दारोगा की निंदा प्रविष्टि रद्द की।

  3. पुलिस सूचना पर ही कार्रवाई कर सकती है, कोर्ट का मत।

विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक मामले में स्पष्ट किया है कि पुलिस अधिनियम की धारा 22 में पुलिसकर्मी को भले ही हमेशा ड्यूटी पर माना जाता हो, लेकिन केवल इस आधार पर विवाह भोज में मौजूद चौकी प्रभारी को अगले दिन हुई हत्या के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस को सतर्क रहना चाहिए, लेकिन वह सूचना पर ही कार्रवाई कर सकती है।

खंडपीठ ने दारोगा राजकुमार गोस्वामी को दी गई निंदा प्रविष्टि और राज्य लोक सेवा ट्रिब्यूनल का आदेश रद कर दिया है। मामले के अनुसार, राजकुमार गोस्वामी मैनपुरी के थाना घिरोर की चौकी कोसमा में तैनात थे। आरोप था कि 26 मार्च 2019 को गांव कोसमा मुसलमीन में एक शादी समारोह में फोटो खींचने को लेकर विवाद हुआ। इस पर मुकदमा हुआ। अगले दिन शेर-ए-नबी की हत्या हो गई। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज हुआ।

विभाग का कहना था कि दारोगा ने समय पर कार्रवाई नहीं की, इसलिए हत्या हो गई। इसी बात पर 28 जुलाई 2021 को निंदा प्रविष्टि दी गई। अपील और पुनरीक्षण भी खारिज हो गए। ट्रिब्यूनल ने भी 18 मई 2026 को विभाग का फैसला सही ठहराया। याची का कहना था कि वे शादी में गए ही नहीं थे। उन्हें विवाद की जानकारी 27 मार्च को रात थाने पहुंचने पर मिली।

यह भी पढ़ें- ‘किशोर की उम्र सीमा 18 से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार करे विधायिका’...इलाहाबाद हाई कोर्ट का सुझाव

खंडपीठ ने कहा, विभाग ने गवाहों के बयानों के आधार पर दारोगा को शादी में मौजूद माना, लेकिन यह नहीं बताया कि उस समय उन्हें गिरफ्तारी का अधिकार था और उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया। अगर आरोपित को पकड़कर छोड़ भी दिया जाता तो इस बात की कोई गारंटी नहीं थी कि वह अगले दिन हत्या नहीं करेगा।

अपराध रोकने के लिए बेहतर पुलिसिंग जरूरी है, लेकिन किसी नियम में यह नहीं बताया गया कि भोज में मौजूद दारोगा को उस समय क्या करना चाहिए था।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के अल्लापुर में फिल्मी स्टाइल में हत्याकांड के गवाह को गोलियों से भूना, सैलून में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।