दो सप्ताह में सेवानिवृत्ति बकाया चुकाएं वरना उपस्थित हों, इलाहाबाद HC का कर्मचारी कल्याण निगम के बिजनौर से जुड़े मामले में कड़ा रुख
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने यूपी राज्य कर्मचारी कल्याण निगम बिजनौर को सेवानिवृत्ति बकाया दो सप्ताह में चुकाने का निर्देश दिया है। भुगतान न होने पर निगम के अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अवमानना कार्यवाही का सामना करना होगा।

इलाहाबाद हाई कोर्ट की फाइल फोटो।
HighLights
हाई कोर्ट ने अनुपालन हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है
अवमानना याचिका को 17 दिसंबर को फिर सूचीबद्ध करने का आदेश दिया
विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सेवानिवृत्त देयकों के भुगतान से जुड़े अवमानना मामले में विपक्षी उप्र राज्य कर्मचारी कल्याण निगम बिजनौर को कोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। ऐसा न होने पर विपक्षी संख्या 1, 2 और 3 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बताना होगा कि उनके विरुद्ध अवमानना की कार्यवाही क्यों न की जाए। यह आदेश न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल ने राजकुमार व चार अन्य बनाम रणवीर प्रसाद व दो अन्य के मामले में दिया है।
विपक्षी और आवेदकों के अधिवक्ता ने दी दलील
सुनवाई के दौरान विपक्षी के अधिवक्ता उत्कर्ष बिड़ला ने हलफनामे के आधार पर दलील दी कि निगम आर्थिक तंगी से गुजर रहा है, इसलिए आवेदकों के सेवानिवृत्ति और सेवानिवृत्ति-पश्चात देयकों का भुगतान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि कुछ मोहलत मिलने पर शेष राशि जल्द चुका दी जाएगी। आवेदकों के अधिवक्ता कल्पनाथ त्रिपाठी ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि निगम स्ववित्तपोषित है और सभी बकाया चुकाने में सक्षम है।
कोर्ट ने दिया आदेश
कोर्ट ने कहा, दलीलें जो भी हों तथ्य यह है कि अब तक कोर्ट के आदेश का अक्षरशः और उसकी मूल भावना के अनुरूपपालन नहीं हुआ है। कोर्ट ने अनुपालन हलफनामा दाखिल करने का निर्देश देते हुए अवमानना याचिका को 17 दिसंबर 2026 को फिर सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है।