विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरक्षित श्रेणी का दावा करके बाद में अनारक्षित में जाने का विकल्प नहीं, इलाहाबाद HC का महत्वपूर्ण आदेश; याचिका खारिज

By Suresh pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 24 Nov 2026 08:26 PM (GMT+05:30)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि भर्ती विज्ञापन की शर्तें सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य हैं और आरक्षित श्रेणी का दावा करने के बाद अनारक्षित में नहीं जा सकते। कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने कहा कि भर्ती विज्ञापन की शर्तें सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य हैं

  2. टेक्सटाइल टेक्नालाजी प्रवक्ता पद पर चयन मामले में आयोग की कार्रवाई सही करार

विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि भर्ती विज्ञापन की शर्तें सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य हैं। एक बार आरक्षित श्रेणी का दावा करने के बाद अभ्यर्थी अपनी सुविधा से अनारक्षित श्रेणी में नहीं जा सकता। अलग-अलग चरणों में अलग-अलग बयान देना गलत जानकारी देने जैसा माना जाएगा। न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने इस टिप्पणी के साथ प्रयागराज निवासी मोहित कुमार की याचिका खारिज कर दी है।

लोक सेवा आयोग ने विज्ञापन प्रकाशित किया था

मामला टेक्सटाइल टेक्नोलाजी के प्रवक्ता पद की भर्ती का है। लोक सेवा आयोग का विज्ञापन 15 सितंबर 2021 को प्रकाशित हुआ। याची ने आवेदन में अपनी श्रेणी ईडब्ल्यूएस लिखी। लिखित परीक्षा 26 नवंबर 2025 को हुई, उसमें वह सफल हुआ और पांच मई 2026 को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया।

याची का क्या कहना था?

याची का कहना था कि ईडब्ल्यूएस लिखना भूल से हुआ था। उसके पास ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र है ही नहीं। उसने दो मई 2026 को शपथपत्र देकर खुद को अनारक्षित श्रेणी में मानने की मांग की। उसने सामान्य श्रेणी की फीस भी जमा की थी और अपनी योग्यता से चयनित हुआ था। चयन सूची में वह चौथे नंबर पर था, लेकिन उसका चयन अस्थायी दिखाया गया।

आयोग ने कहा कि विज्ञापन में साफ है  

बाद में 16 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना से उसका अभ्यर्थन रद कर सूरज सिंह को चयनित कर दिया गया। आयोग ने कहा कि विज्ञापन में साफ है कि श्रेणी का दावा अंतिम तिथि तक ही मान्य होगा, बाद में बदलाव नहीं होगा। गलत जानकारी देने पर अभ्यर्थन रद हो सकता है। याची ने एक तरफ शपथपत्र में ईडब्ल्यूएस न होने की बात कही, दूसरी तरफ साक्षात्कार के समय 15 दिन में प्रमाणपत्र देने का वचनपत्र भी दे दिया। यह दोहरा बयान है।

याची का अभ्यर्थन रद किया गया  

कोर्ट ने कहा, अनारक्षित श्रेणी कोई बची हुई जगह नहीं है, जिसमें अभ्यर्थी जब चाहे चला जाए। अगर विज्ञापन में ही आरक्षण साबित न होने पर सामान्य श्रेणी में मानने का प्रावधान होता तो बात अलग थी। यहां ऐसा प्रावधान नहीं है। सिर्फ शपथपत्र या प्रमाणपत्र न दे पाना अपने आप धोखाधड़ी नहीं है, लेकिन विज्ञापन की शर्त और याची के असंगत बयानों को देखते हुए आयोग की कार्रवाई गलत नहीं है।

यह भी पढ़ें- अनुकंपा नियुक्ति में आयु सीमा के आधार पर दावा खारिज करना अनुचित, इलाहाबाद HC ने BHU के आदेश को रद किया

यह भी पढ़ें- घर के ड्राइंग रूम से पेश हुए SDM, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जताई हैरानी; कहा- DM ने क्यों दी अनुमति?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।