विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भरण-पोषण मामलों की सुनवाई अब प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट करेंगे, इलाहाबाद हाई कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला

By Suresh pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 19 Nov 2026 05:19 PM (IST)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आदेश दिया है कि अब भरण-पोषण के मामलों की सुनवाई प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट करेंगे, जो ...और पढ़ें

इलाहाबाद हाई कोर्ट।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।

HighLights

  1. मुख्य न्यायमूर्ति से परिवार अदालतों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती पर विचार का अनुरोध

  2. अभी तक भरण-पोषण संबंधी मामलों की सुनवाई परिवार अदालतें ही करती थीं

विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश में कहा है कि बीएनएसएस की धारा 144 से 147 (पूर्व में सीआरपीसी की धारा 125 से 128) के तहत भरण-पोषण मामलों की सुनवाई प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट करेंगे। अभी तक इन मामलों की सुनवाई परिवार अदालतें करती थीं।

रजिस्ट्रार जनरल को अदालत का आदेश 

न्यायमूर्ति हरवीर सिंह ने यह फैसला सुनाते हुए रजिस्ट्रार जनरल को आदेश दिया कि वह इसे मुख्य न्यायमूर्ति के समक्ष रखें और तीन महीने के भीतर परिवार अदालतों की योजना में एक या अधिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती पर विचार का अनुरोध करें।

क्या है मामला? 

मुकदमे से जुड़े तथ्य यह हैं कि आगरा निवासी राजेंद्र सिंह ने अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय आगरा के 27 जून 2025 के आदेश और 23 जुलाई 2025 के वसूली वारंट को चुनौती दी थी। उनकी पत्नी सफेदी ने गुजारा भत्ता देने के लिए अर्जी दी थी। परिवार न्यायालय ने 20 नवंबर 2003 को एकपक्षीय आदेश देकर पत्नी और बेटी, दोनों को एक-एक हजार रुपये मासिक भरण-पोषण देने का निर्देश दिया था।

रेलवे सुरक्षा बल में कांस्टेबल है याची 

रेलवे सुरक्षा बल में कांस्टेबल याची का दावा था कि उसे मामले का नोटिस नहीं मिला और आदेश की जानकारी देर से हुई। उसने आदेश वापस लेने की अर्जी दी, लेकिन करीब 21 साल की देरी माफ करने का अनुरोध आठ अप्रैल 2025 को खारिज हो गया था। हाई कोर्ट ने कहा कि सीआरपीसी की धारा 125 से 128 के आदेशों को सीआरपीसी की धारा 482 या बीएनएसएस की धारा 528 के तहत चुनौती नहीं दी जा सकती। इसके लिए पुनरीक्षण ही उचित उपाय है।

याची को पुनरीक्षण का रास्ता अपनाने की छूट मिली 

इस आधार पर याचिका को पोषणीय न मानकर खारिज कर दिया गया, हालांकि याची को पुनरीक्षण का रास्ता अपनाने की छूट दी गई। साथ में दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिका भी खारिज कर दी गई। अदालत ने कहा कि पंजीकृत नोटिस याची को मिल चुके थे और उसने 2008 में आदेशों की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी थीं। ऐसे में नोटिस न मिलने का दावा सही नहीं है और देरी माफी की अर्जी खारिज करना उचित था।

हाई कोर्ट तक नहीं जाना पड़ेगा, मिलेगी राहत

अदालत ने परिवार न्यायालय अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और ग्राम न्यायालय अधिनियम 2008 की तुलना करते हुए अधिकार क्षेत्र के टकराव और विसंगति का उल्लेख किया। कहा कि भरण-पोषण की कार्यवाही संक्षिप्त प्रकृति की है और प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट इसे निपटा सकते हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता को जिला स्तर पर ही राहत मिलेगी और उन्हें हाई कोर्ट तक नहीं जाना पड़ेगा। आदेश की प्रति सभी जिला न्यायाधीशों, प्रधान न्यायाधीशों (परिवार न्यायालय), केंद्रीय विधि आयोग और उत्तर प्रदेश राज्य विधि आयोग को भेजने का निर्देश भी दिया गया है।

यह भी पढ़ें- शस्त्र लाइसेंस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट नाराज, प्रयागराज पुलिस आयुक्त को लगाई फटकार

यह भी पढ़ें- 'यूपी बोर्ड की गलती की सजा छात्र को नहीं, 3 साल बाद भी सुधरेगी मार्कशीट में जन्मतिथि'; इलाहाबाद HC का अहम फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।